Big NewsBusiness

भारत में घटे मोबाइल यूजर्स, ये कंपनी अब भी नंबर वन

mobile users in indiaदेश में मोबाइल यूजर्स की संख्या लगातार घट रही है। पिछले दो महीने में 54.77 लाख लोगों ने मोबाइल से दूरी बनाई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के अनुसार अक्टूबर 2022 में देश भर में मोबाइल यूजर्स की संख्या 114.36 करोड़ हो गई हैं। जबकि अगस्त महीने में लगभग 114.91 करोड़ मोबाइल यूजर्स थे। सितंबर माह में मोबाइल यूजर्स की संख्या 36.64 लाख घटकर 114.54 करोड़ हो गई थी। वहीं अक्टूबर माह में 18.13 लाख मोबाइल यूजर्स कम हुए हैं।

रिलायंस जियो टेलीकॉम सेक्टर में अपना दबदबा बनाए हुए है और अपनी नंबर वन की पोजीशन पर कायम है। अक्टूबर में जियो ने 14.14 लाख नए यूजर्स को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। इससे जियो नेटवर्क के यूजर्स की संख्या बढ़कर 42.13 करोड़ पहुंच गई है। वहीं भारती एयरटेल से अक्टूबर में 8.5 लाख नए यूजर जुड़े हैं। इसके बाद एयरटेल के उपभोक्ताओं की संख्या 36.50 करोड़ हो गई है।

वोडाफोन-आइडिया के यूजर्स कम हुए

वोडाफोन आइडिया के यूजर्स लगातार कम हो रहे हैं। वोडाफोन-आइडिया कंपनी के 35.09 लाख यूजर्स ने अक्टूबर में नेटवर्क को छोड़ा है। इससे कंपनी के कुल उपभोक्ताओं की संख्या 24.56 करोड़ रह गई है। वहीं बीएसएनएल के 5.92 लाख यूजर्स कम हुए हैं। इससे इसके यूजर्स की संख्या घटकर 10.86 लाख रह गई है।

ट्राई के मुताबिक टेलीकॉम मार्केट में रिलायंस जियो का मार्केट शेयर 36.66% से बढ़कर 36.85% हो गया हैं, जबकि भारती एयरटेल का मार्केट शेयर 31.80% से बढ़कर 31.92% पर पहुंच गया है। वहीं वोडाफोन-आइडिया की हिस्सेदारी सितंबर के मुकाबले में 21.75 से घटकर 21.48% रह गई है।

देश में 20,980 5G बेस स्टेशन लगे

बात करें 5जी सर्विस की तो देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 26 नवंबर तक 20,980 बेस स्टेशन लगाए जा चुके हैं। संचार राज्य मंत्री देवू सिंह चौहान ने राज्यसभा में शुक्रवार को एक सवाल के जवाब में बताया था कि देश में हर हफ्ते 5जी के लगभग 2500 नए टॉवर लगाए जा रहे हैं।

Back to top button