Big NewsDehradun News

जवानों के राशन के साथ 70 लाख की हेराफेरी, ITBP के कमांडेंट समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

जवानों के राशन के साथ 70 लाख की हेराफेरी का मामला सामने आया है। गृह मंत्रालय की अनुमति के बाद सीबीआई ने आईटीबीपी सीमाद्वार में तैनात तत्कालीन कमांडेंट, दो दरोगा और तीन व्यापारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

जवानों के राशन के साथ 70 लाख की हेराफेरी

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने जवानों को मिलने वाले मीट, मछली, अंडा, दूध और फल की आपूर्ति में सरकार को करीब 70 लाख का चूना लगाया है। इससे पहले भी आरोपी कमांडेंट, दरोगा समेत अन्य के खिलाफ चमोली स्थित अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर में केरोसिन ऑयल की आपूर्ति में बड़ा घोटाला करने पर दर्ज मुकदमे में CBI चार्जशीट दे चुकी है।

बिहार में तैनात है आरोपी कमांडेंट

गृह मंत्रालय के अधीन आईटीबीपी जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसी में तैनात कमांडेंट अशोक कुमार गुप्ता (जो वर्तमान में बिहार में तैनात है) ने देहरादून में तैनाती के दौरान सरकार को लाखों का चूना लगा दिया। आरोपी यहां आईटीबीपी 23वीं बटालियन में कमांडेंट के पद पर रहा था ।

2017 से 2019 बैच का है मामला

आरोपी कमांडेंट ने 2017 से 2019 के बीच जवानों के लिए आपूर्ति की जाने वाली रसद, मीट, मछली, अंडा, पनीर, फल आदि में बड़ा घोटाला कर अपने दो दरोगा, रसद आपूर्ति करने वाले तीन व्यापारियों के साथ मिलीभगत कर करीब 70 लाख, 56 हजार, 787 रुपये की धनराशि हड़पी है।

गृह मंत्रालय की अनुमति के बाद केस दर्ज

मामले में हुई आंतरिक जांच में बड़ा खुलासा होने पर IG नॉर्थरन फ्रंटियर सीमाद्वार देहरादून ने गृह मंत्रालय से मुकदमे की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद वर्तमान कमांडेंट पीयूष पुष्कर ने CBI को तहरीर दी है। CBI देहरादून शाखा के SP सतीश कुमार राठी ने केस दर्ज करते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच इंस्पेक्टर शरदचंद गुसाईं को सौंपी है।

जांच में जुटी CBI

सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कमांडेंट के खिलाफ भ्रष्टाचार का दूसरा मुकदमा दर्ज होने से उनके कार्यकाल में तैनात अन्य अफसरों, जवानों और वाहिनी को आपूर्ति करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

इनके खिलाफ हुआ केस दर्ज

कमांडेंट अशोक कुमार गुप्ता , SI सुधीर कुमार , ASI अनुसूया प्रसाद ,नरेंद्र आहूजा (आहूजा ट्रेडर्स 141 राजपुर रोड), विनय कुमार (हरिद्वार रोड), नवीन कुमार (कौलागढ़ रोड देहरादून) तथा अज्ञात पब्लिक सर्वेंट और प्राइवेट पर्सन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच अभी जारी है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें