Dehradunhighlight

प्रवासी उत्तराखंडियों ने किया मुख्यमंत्री आवास में रात्रि भोज, CM से साझा की प्रदेश के विकास से जुड़ी अपेक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में रात्रि भोज पर पधारे देश भर के विभिन्न राज्यों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों का भावपूर्ण स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि “आप भले ही दूर हों, लेकिन दिल से हमेशा उत्तराखंड से जुड़े हैं। आप हमारी शक्ति हैं, हमारी वैश्विक पहचान हैं।”

प्रवासियों ने सीएम धामी से साझा किए अपने अनुभव

प्रवासी उत्तराखंडवासियों ने अपने अनुभवों, भावनाओं और प्रदेश के विकास से जुड़ी अपेक्षाओं को साझा किया। सीएम धामी ने प्रत्येक प्रतिभागी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी बातों को सुना और कहा कि सरकार ‘ग्लोबल उत्तराखंड विजन’ को मिशन मोड में आगे बढ़ा रही है, ताकि विश्वभर में फैले उत्तराखण्डियों का सामर्थ्य राज्य निर्माण में जुड़ सके।

प्रवासियों में दिखा उत्साह

कार्यक्रम में प्रवासी उत्तराखंड वासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि पहली बार इस स्तर पर सरकार ने प्रवासियों के अनुभव और योगदान को सम्मान दिया है। उन्होंने राज्य में तेज़ी से हो रहे विकास, निवेश बढ़ने, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और युवाओं के लिए नए अवसरों की सराहना की।

प्रवासियों के लिए नीति और सुविधा तंत्र किया जाएगा मजबूत

सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड की प्रतिभा और संस्कृति वैश्विक स्तर पर चमके, प्रवासियों के लिए नीति और सुविधा तंत्र और मजबूत किया जाए, उद्योग, शिक्षा, स्टार्टअप और पर्यटन में साझेदारी बढ़े| सीएम ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में प्रवासी उत्तराखण्डियों के लिए डिजिटल कनेक्ट प्लेटफ़ॉर्म, ग्लोबल नेटवर्किंग फोरम और स्पेशल पार्टनरशिप नीति तैयार की जाएगी।

ये भी पढ़ें: CM ने किया प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का शुभारंभ, बोले देवभूमि के सच्चे ब्रांड एम्बेसडर हैं प्रवासी

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button