देहरादून: सड़क हादसे और महिला अपराध रोकने के लिए पुलिस देहरादून मैराथन का आयोजन करने जा रही है। तय शेड्यूल के अनुसार मैराथन 10 दिसंबर को होगी। मैराथन में देश-दुनिया के नामी हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
पिछले साल 11 दिसंबर को नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस ने हाफ मैराथन का आयोजन किया था। इस मैराथन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इस साल भी मैराथन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मैराथन के लिए पुलिस ने इस बार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और महिला अपराधों में कमी लाने का संदेश देने के लिए योजना बनाई है।
इस योजना के मुताबिक हाफ मैराथन 10 दिसंबर को पुलिस लाइन मैदान से सुबह छह बजे शुरू होगी। मैराथन 7 और 21 किमी. की होगी। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि मैराथन को लेकर सोशल मीडिया में प्रचार शुरू हो गया है। देहरादून मैराथन, उनके पेज और फेसबुक पेज पर इसकी जानकारी अपलोड कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस बार होने वाली मैराथन में देश ही नहीं, बल्कि विदेश से भी मेहमान आमंत्रित किए जाएंगे। ताकि ये नामी हस्तियां सड़क दुर्घटना में नियंत्रण और महिला अपराध रोकने का संदेश जन-जन तक दे सकें। इस दौरान स्कूली बच्चों के साथ विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।