Char Dham YatraRudraprayag

Kedarnath : केदारनाथ यात्रा मार्ग कई स्थानों पर बाधित, भूस्खलन के चलते रोकी गई यात्रा

उत्तराखंड में बारिश के कारण तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। जिसके कारण बीते 24 घंटे में प्रदेश में दो लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के कारण केदरानाथ यात्रा मार्ग कई स्थानों पर बंद हो गया है। चारधाम यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

केदारनाथ यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर बाधित

भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग कई स्थानों पर बाधित हो गया है। रुद्रप्रयाग से गौरीकुण्ड तक जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 स्थान काकड़ागाड़ व कुण्ड के मध्य कल रात्रि से बाधित चल रहा है। इसके साथ ही केदारनाथ धाम की ओर जाने वाला रुद्रप्रयाग-गौरीकुण्ड NH-107 पुलिस चौकी फाटा क्षेत्रान्तर्गत स्थान डोलिया देवी के पास मलबा पत्थर (बोल्डर) आने के चलते यातायात हेतु बाधित हो गया है। यहां पर मार्ग यातायात हेतु सुचारु किए जाने के प्रयास जारी हैं। लेकिन निरन्तर पहाड़ी दरकने से एक पेड़ भी मलबे के साथ सड़क पर आ गया है।

Garikund-Kedarnath route
मलबा आने से केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित

सोनप्रयाग शटल पुल के पास टूटी सड़क

रुद्रप्रयाग के कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत भारी बारिश होने से सोनप्रयाग से गौरीकुण्ड के लिए चलने वाली शटल सेवा के लिए उपयोग में आने वाली सड़क सोनप्रयाग शटल पुल के पास टूट गई है। यहां पर ऊपर पहाड़ी से मलबा पत्थर आने से मार्ग बंद हो गया है। यहां पर सुरक्षा के दृष्टिगत सड़क पर मार्किंग किए जाने के साथ ही पुलिस बल की तैनाती की गई है। पैदल मार्ग से श्रद्धालुओं की आवाजाही की जा रही है।

Garikund-Kedarnath route
शटल सेवा के लिए उपयोग में आने वाली सड़क बंद

यात्रा कुछ समय के लिए बाधित

केदारनाथ यात्रा मार्ग सोनप्रयाग शटल पार्किंग के ऊपर से चट्टान गिरने की जानकारी सामने आई है। हालांकि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

यात्रियों को पहले ही सचेत करने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button