Dehradun

IMA देहरादून : बतौर निरीक्षण अधिकारी पीओपी में शिरकत करेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कुछ कार्यक्रम रद्द

देहरादून आईएमए में 11 दिसंबर को पासिंग आउट परेड शनिवार 11 दिसंबर को ही सादगी से आयोजित की जाएगी। सेना मुख्यालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद अकादमी प्रबंधन ने गुरुवार शाम को यह जानकारी दी है।

जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर निरीक्षण अधिकारी पीओपी में शिरकत कर पासिंग आउट बैच के कैडेट्स को संबोधित करेंगे। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के भी उनके साथ आने की संभावना है। हालांकि, शेड्यूल में पूर्व निर्धारित मल्टी एक्टिीविटी डिस्पले व लाइट एवं साउंड शो को राष्ट्रीय शोक के चलते रद्द कर दिया गया है।

तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए विमान क्रैश में देश ने पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को खो दिया। इस हादसे में उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत सेना व वायुसेना के 13 अधिकारियों व जवानों की मौके पर ही मौत हो गई है। आईएमए में 11 दिसंबर को होने वाली पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति के साथ सीडीएस जनरल रावत को भी शिरकत करनी थी लेकिन उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। देश में शोक की लहर है।

 वहीं अकादमी प्रबंधन ने गुरुवार को होने वाली कमांडेंट परेड  रद्द कर दी और मुख्य परेड को लेकर असमंजस की स्थिति खड़ी हो गई। जानकारी मिली है कि इस मामले को लेकर अकादमी प्रबंधन ने सेना मुख्यालय से विचार-विमर्श किया। इसके बाद प्राप्त दिशा-निर्देश के बाद अकादमी की जनसंपर्क अधिकारी ले. कर्नल हिमानी पंत ने बताया कि पासिंग आउट 11 दिसंबर को ही होगी। राष्ट्रपति बतौर निरीक्षण अधिकारी पीओपी में शिरकत करेंगे। शेड्यूल में पूर्व में शामिल कुछ कार्यक्रम रद्द किए गए हैं।

Back to top button