Big NewsTehri Garhwal

गुलदार ने बनाया 17 साल के किशोर को निवाला, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव, क्षेत्र में दहशत का माहौल

देवप्रयाग से दुखद खबर सामने आ रही है. गुरुवार देर रात डिग्री कॉलेज से क्रिकेट खेलकर लौट रहे 17 साल के किशोर को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया है. घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद किशोर का शव घटनास्थल से कई किमी दूर क्षत-विक्षत हालत में मिला. जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आदमखोर गुलदार को पिंजरे में कैद कर दिया है.

17 साल के किशोर को बनाया गुलदार ने निवाला

घटना देर शाम गुरुवार की है. जानकारी के मुताबिक अनुराग (17) पुत्र बलवंत सिंह चौहान देवप्रयाग डिग्री कॉलेज से क्रिकेट खेलकर शाम करीब सात बजे लौट रहा था. अचानक घात लगाकर बैठे गुलदार ने अनुराग पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी गुलदार ने उसे नहीं छोड़ा। घटना की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. घंटो तक रेस्क्यू टीम ने किशोर की तलाश की लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चला. देर रात किशोर का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ.

आदमखोर गुलदार पिंजरे में कैद

जानकारी के अनुसार अनुराग कक्षा बारहवीं का छात्र था और उसकी मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं. जबकि पिता बलवंत सिंह स्टाम्प विक्रेता हैं. मामले को लेकर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है. गुलदार के हमले के बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आज विकासखंड देवप्रयाग के सभी विद्यालयों में अवकाश किया गया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. शुक्रवार सुबह तड़के वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने में कामयाबी हासिल की.

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button