Rudraprayaghighlight

सालों पुरानी परेशानी पर लगेगा ब्रेक: केंद्र ने दी सिरोबगड़ भूस्खलन ट्रीटमेंट को मंजूरी, सुगम होगी चारधाम यात्रा

केंद्र सरकार ने नेशनल हाईवे-07 (पुराना NH-58) पर सिरोबागढ़ इलाके में भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्य को मंज़ूरी दे दी है। यह काम भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 2025-26 की सालाना योजना के तहत किया जाएगा।

केंद्र ने दी सिरोबगड़ भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्य को मिली स्वीकृति

जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग के प्रयासों एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (पुराना एनएच-58) पर सिरोबगड़ क्षेत्र में भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्य को भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह कार्य वार्षिक योजना 2025-26 के अंतर्गत किया जाएगा।

ट्रीटमेंट कार्य के लिए 95.12 करोड़ रुपए स्वीकृत

स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत सिरोबगड़ में चेनाज 350.767 से 350.938 तक भूस्खलन उपचार कार्य कराया जाएगा, जिसकी कुल स्वीकृत लागत लगभग 95.12 करोड़ रुपए है। इससे पूर्व राज्य लोक निर्माण विभाग द्वारा 96.11 करोड़ रुपए का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिसे परीक्षण के बाद मंत्रालय स्तर पर संशोधित करते हुए स्वीकृति दी गई।

भूस्खलन की समस्या के कारण आवागमन में होती थी परेशानी

सिरोबगड़ क्षेत्र में लंबे समय से भूस्खलन की समस्या के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिला प्रशासन द्वारा इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थलीय निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण तथा प्रस्ताव को त्वरित रूप से उच्च स्तर तक भेजने के लिए लगातार प्रयास किए गए।

ये भी पढ़ें: यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन, स्यानाचट्टी के पास 200 मीटर सड़क ध्वस्त, DM ने दिए राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश

कार्य के अंतर्गत ढीली चट्टानों की स्केलिंग, हाई टेन्साइल केबल नेट, डीटी मेष और रॉक एंकर के माध्यम से पहाड़ी ढलानों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिससे भविष्य में भूस्खलन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। यह कार्य ईपीसी (EPC) आधार पर संपादित किया जाएगा।

केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा होगी सुगम

रुद्रप्रयाग के डीएम ने कहा कि सिरोबगड़ ट्रीटमेंट कार्य की स्वीकृति से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित होगा और चारधाम यात्रा के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी। जिला प्रशासन जनसुरक्षा एवं जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button