Nainitalhighlight

सितारगंज में धान खरीद बंद होने पर पूर्व विधायक भड़के, RFC कुमाऊं कार्यालय में की तालाबंदी

हल्द्वानी के आरएफसी कुमाऊं कार्यालय में आज कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक नारायण पाल ने ललित जोशी के साथ तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने सितारगंज क्षेत्र में धान की खरीद न होने पर प्रशासन और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

सितारगंज में धान खरीद बंद होने पर भड़के पूर्व विधायक नारायण पाल

पूर्व विधायक नारायण पाल ने आरएफसी कुमाऊं कार्यालय में धरना देते हुए कहा कि सितारगंज के सरकारी क्रय केंद्रों में धान की खरीद बंद है, जिससे किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसान मजबूर होकर अपनी फसल बिचौलियों को सस्ते दामों पर बेचने को विवश हैं।

किसानों का किया जा रहा शोषण: पाल

नारायण पाल ने आरोप लगाया कि दलालों और सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से किसानों का शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सरकारी केंद्रों पर धान खरीद शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

RFC कुमाऊं ने दी सफाई

आरएफसी कुमाऊं के चन्द्र सिंह मर्तोलिया ने सफाई देते हुए कहा कि सरकारी नियमों के तहत ही धान की खरीद की जा रही है। इस बार धान के सरकारी रेट और प्राइवेट रेट में काफी अंतर होने के साथ-साथ धान की आवक भी अधिक है, जिसके कारण दिक्कतें सामने आ रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button