डीएम कार्यालय में किया था कर्मचारी ने सुसाइड, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित डीएम कार्यालय में एक कर्मचारी सोमवार देर रात फांसी के फंदे से झूलता मिला था। मामले में हरिद्वार पुलिस ने कर्मचारी की मां की तहरीर पर अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि कर्मचारी ने सुसाइड नोट में मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया था।
कर्मचारी की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
कमल कुमार (28) पुत्र परागीलाल निवासी रावली महदूद डीएम कार्यालय में आरटीआई अनुभाग में कनिष्ठ सहायक के पद में तैनात था। कर्मचारी की मां ने जाति को लेकर प्रताड़ित किए जाने के चलते पुत्र की हत्या कर शव पंखे के सहारे फंदे से टांग देने का आरोप लगाया है। सिडकुल पुलिस ने मां की शिकायत पर अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दो अक्टूबर को किया था कर्मचारी ने सुसाइड
सोमवार देर रात कर्मचारी ने कार्यालय भवन के परिसर में कमरा नंबर 222 अंदर से बंद कर लिया था। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने जब कमल को आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कर्मचारियों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने दरवाजा तोड़कर देखा तो कर्मचारी पंखे से लटका मिला था। कर्मचारी की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।