UttarakhandHighlight

IMD की चेतावनी के बाद अलर्ट मोड पर आपदा प्रबंधन, अधिकारियों से ले रहे वर्तमान स्थिति का जायजा

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिसे लेकर रविवार को आपदा प्रबंधन ने कंट्रोल रूम से सभी जनपदों की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही सभी जिलों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और जिलों में हो रही बारिश को लेकर जानकारी ली।

वर्तमान स्थिति का लिया जायजा

बैठक के दौरान सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सभी जिलों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों से वर्तमान स्थिति तथा जिलों में हो रही बारिश को लेकर जानकारी ली। इसके साथ ही सभी जिलों के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को एलर्ट पर रहने और हालात पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

बंद मार्गों को जल्द से जल्द खुलवाने के दिए निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन ने स्टेट और नेशनल हाईवे में यातायात संचालन की भी जानकारी ली। उन्होंने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के साथ ही ग्रामीण सड़कों को लेकर निर्देश दिए कि जो भी मार्ग बंद हैं, उन्हें जल्द खुलवाया जाए ताकि आम जनता को किसी तरह की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि यदि मार्ग बंद हैं तो साइनेज लगाए जाएं और लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए।

नदियों के जलस्तर को लेकर ली जानकारी

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने नदियों के जलस्तर को लेकर भी डीडीएमओ से जानकारी ली और किसी भी आपात स्थिति को लेकर तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सूचना भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नदियों का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने और लोगों को नदी-नालों से दूर रहने को लेकर जागरूक करने को कहा।

फर्जी पोस्ट का खंडन करने के दिए निर्देश

विनोद कुमार सुमन ने कहा कि सोशल मीडिया पर विभिन्न आपदाओं को लेकर भ्रामक तथा फर्जी पोस्ट डाले जाने की सूचना मिली है। पुराने वीडियो और फोटो को वर्तमान का बताकर गलत तरीके से प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने सभी डीडीएमओ से कहा कि आम जनता में भय और डर का माहौल न रहे, इसलिए ऐसे भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट का तुरंत खंडन किया जाए।

आपदा प्रभावितों को तुरंत दी जाए राहत राशि

सचिव आपदा प्रबंधन ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावितों को राहत राशि वितरित करने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 15 जून से लेकर अब तक कितनी राहत राशि बंट चुकी है और कितने मामले लंबित हैं, इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कंट्रोल रूम में इंटरनेट की सुविधा के लिए किया निर्देशित

सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि जिन लोगों को अभी तक राहत राशि नहीं बांटी गई है, उन तक हर हाल में जल्द से जल्द राहत राशि पहुंचाई जाए। इसके साथ ही सभी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को जिलों के कंट्रोल रूम में इंटरनेट की सुविधा और कनेक्टिविटी सुचारु रूप से बनाने के निर्देश दिए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें