सीएम धामी ने शुरू की खास योजना, एक फोन करने से घर पर ही मिलेगा सरकारी योजनाओं के लाभ

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘अपणि सरकार’ नागरिक सेवाएं आपके द्वार योजना का फ्लैग ऑफ किया। अब घर बैठे आपको एक फोन कॉल पर अपणि सरकार पोर्टल की नागरिक सेवाएं उनके द्वार पर ही मिलेंगी।
‘अपणि सरकार’ नागरिक सेवाएं आपके द्वार योजना हुई शुरू
आज से ‘अपणि सरकार’ नागरिक सेवाएं आपके द्वार योजना की शुरूआत हो गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘अपणि सरकार’ नागरिक सेवाएं आपके द्वार योजना का फ्लैग ऑफ किया। इस योजना के शुरू होने से देहरादून के नागरिकों को एक फोन कॉल पर अपणि सरकार पोर्टल की नागरिक सेवाएं उनके द्वार पर उपलब्ध होगी।
घर बैठे ही मिलेंगा सरकारी योजनाओं के लाभ
सीएम धामी ने कहा कि नागरिकों को उनके घर पर जाकर जन सेवा केन्द्र के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराये जाने की शुरूआत की गई है। ये सेवा जल्द ही राज्य के अन्य स्थानों पर भी शुरू की जायेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है की नागरिक सेवाओं का लाभ आम जन को उनके घर पर ही मिल जाए। अभी तक 575 सेवाएं ऑनलाइन रूप से अपणि सरकार पोर्टल पर उपलब्ध करायी जा रही हैं ।
देहरादून के 100 वार्डों में उपलब्ध कराई जाएंगी सेवाएं
वर्तमान में पायलट रूप में ये सेवा देहरादून शहर के 100 वार्डों में नजदीकी सी.एस.सी केंद्र के संचालकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज व विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत आई.टी.डी.ए ने “डोर स्टेप डिलीवरी” हेतु सी.एस.सी-एस.पी.वी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। देहरादून शहर के सी.एस.सी संचालकों को पुलिस वेरिफिकेशन के उपरांत पहचान-पत्र जारी किए गए हैं।
इस नंबर पर कॉल करने से मिलेगी सुविधाएं
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए देहरादून के निवासी 18009110007 टोल फ्री नंबर पर फोन कर सकते हैं। नागरिकों की सुविधानुसार घर पर ही आवेदन लिया जाएगा। जिसके बाद संबंधित प्रमाण पत्र या अभिलेख घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।