Dehradun NewsHighlight

विजय दिवस पर सीएम धामी का ऐलान : शहीदों की वीरांगनाएं और माताओं को दी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजय दिवस के अवसर पर राज्य के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और माताओं को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की है।

वीरांगना और माता परिवहन निगम की बसों में करेंगी निशुल्क सफर

विजय दिवस पर सीएम धामी ने देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सीएम धामी ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने 1971 के युद्ध में न केवल राष्ट्र की अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा की बल्कि अपने अद्वितीय रण कौशल द्वारा दुश्मन को चारों खाने चित्त किया। इस दौरान सीएम ने शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं और माताओं को भी परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की। इसके साथ ही सीएम ने 1971 युद्ध के वीर सैनिकों और उनके परिजनों को भी सम्मानित किया।

सैनिकों और उनके आश्रितों की बढ़ाई अनुदान राशि

सीएम ने कहा कि 1971 में पाकिस्तान के साथ लड़ा गया यह युद्ध स्वतंत्र भारत के इतिहास का एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। 1971 के युद्ध में हमारी सेना ने विश्व को दिखा दिया कि भारत न केवल अपनी संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और न्याय की रक्षा के लिए भी खड़ा हो सकता है। सीएम ने कहा राज्य सरकार ने जहां एक ओर सैनिकों या उनके आश्रितों को मिलने वाली अनुदान राशि को बढ़ाने का काम किया है वहीं शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकार के अधीन आने वाली नौकरियों में वरीयता के आधार पर नियुक्ति देने का फैसला लिया है।

माता-पिता और पत्नी को अनुदान राशि में मिलेगा समान अधिकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली एकमुश्त अनुदान राशि में भी बढ़ोतरी की है। अनुदान राशि को लेकर परिवार में कोई मतभेद ना हो, इसके लिए राज्य सरकार ने शहीदों के माता-पिता और पत्नी दोनों को समान रूप से अनुदान राशि में अधिकार देने का काम किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वो खुद एक सैनिक पुत्र हैं, इसलिए आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलाव को देखकर उन्हें भी अत्यंत हर्ष का अनुभव होता है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें