सीएम धामी ने जनता दरबार में सुनी फरियादियों की समस्या, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुना। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित समाधान और उनका समयबद्धता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने किया ऑन द स्पॉट समस्याओं का निस्तारण
सीएम ने अधिकांश जन समस्याओं और शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। सीएम ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। सीएम को समस्या बताने विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता एवं अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को रखा। सीएम ने कहा कि इन सभी समस्याओं का यथासंभव समाधान किया जायेगा।
सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक न आए लोग : CM
सीएम धामी ने कहा कि लोगों को सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक रूप से न आना पड़े, सरकार द्वारा अधिकांश सेवाएं ऑनलाईन माध्यम से दी जा रही है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की है कि अपुणि सरकार पोर्टल के माध्यम से दी जा रही विभिन्न ई-सेवाओं का लाभ उठायें।
सीएम ने दिए नियमित बैठकें करने के निर्देश
सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों को तहसील दिवस और बीडीसी की नियमित बैठकें करने के निर्देश दिये गये हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ब्लॉक, तहसील और जनपद स्तर पर ही जन समस्याओं का समाधान करवाना है। सभी जिलाधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में जनसुनवाई करने के निर्देश दिये गये हैं।