मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शिव जूनियर हाई स्कूल थेवा, मालदेवता, देहरादून में वर्तमान सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर एवं जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की महान जनता ने इतिहास में पहली बार किसी सरकार को दोबारा सत्ता में लाने का कार्य किया है।
जन भावनाओं का सम्मान तथा जनता का हित ही सर्वोपरि
सीएम धामी ने कहा कि जन भावनाओं का सम्मान तथा जनता का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास हेतु हमारी नीति और नीयत, दिशा और लक्ष्य स्पष्ट है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिये बनेगा मास्टर प्लॉन
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिये मास्टर प्लान तैयार किया जायेगा। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मालदेवता क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएं की। जिसमें रायपुर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत रायपुर शाखा, विद्युत वितरण खण्ड के अन्तर्गत बैंक कालोनी से एल०आई०सी० बिल्डिंग तक 33 के०वी० हाइटेन्शन लाईन को भूमिगत किया जाएगा।
रायपुर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत मुख्य सड़कों के किनारे सिचाई विभाग की गुलों को भूमिगत करने, रायपुर विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत वार्ड सं0-50 राजीव नगर के अन्तर्गत देवाचंल विहार में सीवर लाईन बिछवाई जाएंगी।
पीएम मोदी की नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य का तेजी से हो रहा विकास
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एक साल पहले उत्तराखंड के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ा था। जब पहली बार कोई सरकार चुनावों के बाद पुनः सत्ता में आई। यह जनता के आशीर्वाद एवं प्रेम से संभव हो सका। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से कर्म और मर्म का संबंध है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पिछले आठ वर्षों में प्रदेश को 1.50 लाख करोड़ की योजनाओं की सौगात मिली है। केदारनाथ पुननिर्माण, बद्रीनाथ सौंदर्यीकरण, चारधाम सड़क परियोजना से प्रदेश में सुनियोजित विकास की राज प्रशस्त हुई है।
राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए हम दिन रात कार्य कर रहे हैं। हमारे लिए राज्य की जनता सर्वोपरि है और हमारा हर एक फैसला जन भावनाओं के आधार पर लिया जाता है।
राज्य सरकार पलायन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन जैसे विषयों पर ऐसी ठोस नीतियां बनाने का कार्य कर रही है। जो आने वाले वर्षों में ’’आत्म निर्भर उत्तराखण्ड’’ के हमारे संकल्प को सिद्ध करेंगी। उन्होंने कहा हमारी नीति और नियत दोनों स्पष्ट हैं।
आज उत्तराखंड में पहले से कहीं अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल रहा है। गरीबों के प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास मिल रहा है। इसके साथ ही जरूरतमंदों को राशन भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उत्तराखंड प्रत्येक क्षेत्र में छू रहा है विकास के हर मापदंड
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड प्रत्येक क्षेत्र में विकास के हर मापदंड को छू रहा है। वो चाहे हमारे प्रदेश की पहले से अधिक मजबूत होती जीडीपी हो, या पहले से दुगुनी प्रति व्यक्ति आय। उन्होंने कहा आज उत्तराखंड राज्य में हो रहे बदलाव को प्रत्येक व्यक्ति देख रहा है।
आज हम प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हमारा राज्य आत्मनिर्भरता की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने तय किया है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास होगा। उनका लोकार्पण भी हमारे द्वारा किया जाएगा।
सीएम धामी ने सुनी आम लोगों की समस्याएं
शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मालदेवता क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मालदेवता फार्म में रायपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी। सीएम धामी ने जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।