
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने शुक्रवार को सचिवालय में वाईब्रेंट विलेज योजना के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों के साथ बैठक की। इस दौरान अधिकारियों को वाईब्रेंट विलेज से सम्बन्धित प्रस्तावों को जल्द भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने कहा कि वाईब्रेंट विलेज को फिर से जीवंत करने के लिए सभी विभागों को आपसी सामंजस्य से कार्य कर अपनी अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। इसके साथ ही वाईब्रेंट विलेज में पर्यटन की सम्भावनाओं को तलाशते हुए योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिला पर्यटन अधिकारी के साथ कन्सल्टेंट को सभी वाईब्रेंट विलेज जाकर पर्यटन योजनाओं की सम्भावनाएं तलाशे जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा संस्कृति विभाग को भी सांस्कृतिक समूहों को तैयार किए जाने के लिए निर्देशित किया। ताकी प्रदेश की प्रसिद्ध सांस्कृतिक दलों के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने कहा कि वाईब्रेंट विलेज प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में होने के कारण यात्रा एवं अन्य देय भत्तों को बढ़ाकर दिया जा सकता है। ताकि कलाकार इन क्षेत्रों में जाने के लिए प्रोत्साहित हों।