महिला के साथ छेड़खानी का मामला, साथ ना चलने पर दी तेजाब फेंकने की धमकी

देहरादून से महिला के साथ बीच सड़क में छेड़खानी का मामला सामने आया है। युवक ने दुस्साहस करते हुए महिला पर तरल पदार्थ फेंक दिया और साथ न चलने पर तेजाब डालने की धमकी देने लगा। महिला को विरोध करता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए। जिसके बाद आरोपी फरार हो गया।
महिला के साथ छेड़खानी का मामला
घटना बीते सोमवार को कांवली रोड की बताई जा रही है। महिला ने मामले को लेकर तहरीर दी है। महिला ने तहरीर में बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। आरोपित की पहचान सुनील भट्ट के रूप में हुई। महिला ने बताया कि वो ड्यूटी पर जा रही थी तभी सुनील ने महिला का रास्ता रोक लिया।
तेजाब डालने की दी धमकी
आरोपित ने महिला का रास्ता रोक लिया और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। आरोप है की महिला के विरोध करने पर युवक उससे गाली-गलौज करने लगा। जिसके बाद युवक ने अपनी जेब से एक बोतल निकाली और तरल पदार्थ महिला पर फेंक दिया। यही नहीं आरोपित ने महिला को धमकी दी की उसके पास तेजाब भी है। अगर वो साथ नहीं चली तो वो तेजाब महिला पर फेंक देगा।
भीड़ देख पर युवक फरार
घबराई महिला जमीन पर गिर गई और आनन-फानन में अपने भाई को फोन करने लगी। तब तक वहां पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों को देखकर युवक मौके से फरार हो गया। महिला ने बताया की आरोपित ने बीते 19 सितम्बर को भी उसके साथ इस तरह की हरकत की थी।
आरोपित के खिलाफ केस दर्ज
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने बताया की महिला विधवा है और एक मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करती है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया की युवक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।