रोडवेज की चलती बस में शिक्षिका के साथ छेड़खानी मामला, कंडक्टर से लाइट बंद करवाकर की शर्मनाक हरकत

रोडवेज की चलती बस में शिक्षिका के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। शिक्षिका की तहरीर के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है की अज्ञात युवकों ने शिक्षिका को नशीला पर्दाथ सुंघाकर बेहोश कर डाट काली मंदिर के पास टनल आने पर छेड़खानी की। शिक्षिका की तहरीर के बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
रोडवेज बस में शिक्षिका के साथ छेड़खानी
जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाल विद्याभूषण ने बताया शिक्षिका ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। शिक्षिका कोतवाल क्षेत्र के रहने वाली है और सहारनपुर जिले के एक स्कूल में पढ़ाती है। 21 जून की सुबह हर रोज की तरह शिक्षिका घर से स्कूल जाने के लिए देहरादून आईएसबीटी पहुंची थी। उन्हें एहसास हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है। जिसके बाद उन्होंने अपने पति को भी ये बात बताई।
शिक्षिका का पति उन्हें बस में बैठाकर लौट गए। दोपहर बाद जब वह स्कूल से घर लौटने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस में सवार हुई तो कंडक्टर ने उन्हें अपनी बगल वाली सीट पर बैठा दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान पास बैठे एक व्यक्ति ने तीन सवारियों के लिए कंडक्टर को 500 रुपये दिए। जिसके बाद कंडक्टर उठ गया और शिक्षिका के अलावा दो अन्य लोग वहां बैठ गए। इस दौरान एक व्यक्ति उनकी पीछे वाली सीट पर बैठा था।
चेहरे पर स्प्रे डालकर किया बेहोश
शिक्षिका का आरोप है कि इसी दौरान पास बैठे एक व्यक्ति ने उनके चेहरे पर स्प्रे डाला। जिससे वह बेहोशी हो गई और केवल आवाज सुन पा रही थीं। देहरादून से पहले डाट काली मंदिर के पास टनल आने पर उनमें से एक व्यक्ति ने कंडक्टर से बस की लाइट बंद करने को कहा। शिक्षिका का आरोप है कि अंधेरा होने पर एक व्यक्ति ने उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
वीडियो बनाने का भी लगाया आरोप
शिक्षिका के विरोध करने पर उसने उनका हाथ पकड़ लिया। शिक्षिका ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से अज्ञात लोग उनका पीछा भी कर रहे थे। पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।