बागेश्वर: बिलौना के पास खाई में कार गिरने से दो लोग घायल हो गए। दोनों लोग सुरक्षित हैं। उन्हें मामूली चोटें आई।
रमेश चंद्र उम्र 38 साल पुत्र दीवान राम निवासी भीताली पाड़ली खांकर क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक हैं। शुक्रवार दोपहर दो बजे वह अपनी वैगनार कार वाहन संख्या यूके02 5818 पर सवार होकर खांकर से जिला मुख्यालय आ रहे थे। उनके साथ कार में प्रदीप कुमार पुत्र नारायण निवासी पगना भी मौजूद थे। राजस्व उपनिरीक्षक वाहन चला रहे थे। इस दौरान दोनों ने सीट बेल्ट भी बांध रखा था।
बिलौना के पास वह एक बोलेरो वाहन को पास देने लगे। इसी दौरान एक बाइक भी बीच में आ गई। बाइक को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो कर खाई में समा गई। करीब 20 मीटर गहरी खाई में जा कर कार रूकी। जिससे दोनों को तेज झटका लगा। लेकिन सीट बेल्ट में कसे होने के कारण उन्हें सामान्य चोट ही आई। इसके बाद वह कार से खुद ही निकल कर बाहर आ गए। घटना के बाद कार सवार दोनों ईश्वर को धन्यवाद देते रहे। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। लोग घटना की स्थिति देखकर आश्चर्यचकित रहे।