देहरादून में क्षेत्रीय राजनीति के चक्कर मे भाजपा के दो पक्ष के बीच भिड़ंत हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा के बूथ अध्यक्ष के बेटे ने महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के साथ मारपीट तक कर दी। दोनों पक्ष की ओर से चौकी में तहरीर दी गई है।
महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष से मारपीट का मामला
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। वार्ड 34 के भाजपा के बूथ अध्यक्ष संजय धीमान के बेटे करण धीमान ने महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सुमन सिंह के साथ मारपीट कर दी। जानकारी के मुताबिक टीचर्स कॉलोनी में स्थित मंदिर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कार्यक्रम में महिलाओं के बीच विवाद हो गया।
हमले में उपाध्यक्ष घायल
महिलाओं के बीच हुए विवाद में बूथ अध्यक्ष के बेटे करण धीमान की एंट्री से हंगामा और बढ़ गया। बताया जा रहा है करण धीमान मौके पर बीच बचाव के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सुमन सिंह के साथ मारपीट कर दी। हमले में महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष घायल हो गई। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुआ आपसी विवाद चौकी तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष ने स्थानीय पार्षद पर भी अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से बिंदाल चौकी में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।