Assembly Electionshighlight

उत्तराखंड: युवाओं पर BJP की नजर, भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष भरेंगे जोश

BJP's eyes on youth
देहरादून: भाजपा की नजर युवाओं पर है। युवा सीएम का जाल भाजपा पहले ही फेंक चुकी है। इसके लिए भाजपा चुनाव से पहले अपने युवा कार्यकर्ताओं और अनुशांगिक संगठन भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को चार्ज करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिन के दौरे पर उत्तराखंड आए हैं। आज युवाओं ने उनको देहरादून में जोरदार स्वागत किया।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे। उनके स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह पर कार्यकर्ता खड़े रहे। जिसके बाद वह सीधे बीजापुर गेस्ट हाउस गए, जहां वह पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे और उनकी बैठक लेंगे। भाजयुमो 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ने पर फोकस कर रहा है। इसी के तहत अब बैठकों और सभाओं का दौर शुरू होगा।

भाजपा युवा मोर्चा 21 दिसंबर को डोईवाला में सदस्यता अभियान को शुरू करेगा। कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठकों का दौर और जन संपर्क अभियान भी चल रहा है। तेजस्वी सूर्या 21 दिसंबर को डोईवाला के आशीर्वाद वाटिका परिसर में आयोजित होने वाले सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेश सह संयोजक रविंद्र बेलवाल ने कहा कि कार्यक्रम के साथ अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए जन संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

तेजस्वी कल युवाओं में जोश भरने श्रीनगर जाएंगे। यहां उनका युवा संवाद कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के जाने का भी कार्यक्रम है। सूर्या सिर्फ 28 साल की आयु में बेंगलुरु दक्षिण से सांसद बने थे। 2020 में उनको भाजयुमो का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।

Back to top button