बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बोले, आस्था के नाम पर लूट, JPC जांच की मांग

हाल ही में बद्रीनाथ धाम में चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में हुई कथित चोरी का मामला सामने आया। इसी को लेकर अब कांग्रेस ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे में हुई चोरी के गंभीर मामले को लेकर सरकार को घेरा है।
बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामवे में गणेश गोदियाल ने सरकार को घेरा
दरअसल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और सबूतों का संज्ञान लेते हुए इस कृत्य की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के राज में पहले अयोध्या के राम मंदिर और अब सतयुग के प्रतीक पावन बद्रीनाथ धाम में आस्था के नाम पर हो रही ये लूट बेहद शर्मनाक और बर्दाश्त से बाहर है।
गणेश गोदियाल ने की JPC जांच की मांग
गणेश गोदियाल ने कहा कि श्रद्धालु अपनी गाढ़ी कमाई का अंश भगवान के चरणों में समर्पित करते हैं। लेकिन मंदिर प्रशासन की नाक के नीचे उस चढ़ावे पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि सरकार द्वारा नियुक्त मंदिर समिति के लोग ही इस पूरे भ्रष्टाचार को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कदम नहीं उठाती, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। गणेश गोदियाल ने मांग की है कि संयुक्त संसदीय समिति (JPC) का गठन किया जाए। इस पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच के लिए वर्तमान नेता प्रतिपक्ष की अध्यक्षता में तत्काल प्रभाव से एक संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित की जाए।
तुरंत निलंबित कर जेल भेजा जाए।
न्यायिक जांच की की भी मांग उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार विपक्ष को जांच में शामिल करने से डरती है, तो इस महाघोटाले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच (Judicial Probe) कराई जाए। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी अति आवश्यक है। वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सचिव व अन्य संलिप्त अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर जेल भेजा जाए।
जब तक नहीं मिलेगा न्याय, तब तक आंदोलन-विरोध जारी
मामले को दबाने की कोशिश बंद हो। मंदिर समिति द्वारा मामले को रफा-दफा करने या छोटे कर्मचारियों पर ठीकरा फोड़कर मुख्य आरोपियों को बचाने के प्रयासों पर तत्काल रोक लगे।
गोदियाल ने अंत में कहा कि ये करोड़ों सनातनी भाई-बहनों के विश्वास का विषय है। यदि उत्तराखंड के चारों धामों की पवित्रता और वहां के खजाने को इस तरह लूटा जाएगा, तो देवभूमि की छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक अपना आंदोलन और विरोध जारी रखेगी।