Dehradun News

अनिष्ट का डर दिखाकर 65 तोला सोना ठगने वाला बाबा अरेस्ट, 15 तोला सोना और 5 लाख नकद बरामद

देहरादून में तंत्र-मंत्र, टोना-टोटका और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को ठगने वाले कथित बाबा को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर एक महिला से लाखों के आभूषण ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 तोला सोना और 5 लाख नकद बरामद किए हैं।

अनिष्ट का डर दिखाकर की थी ठगी

मामला थाना सेलाकुई क्षेत्र का है। 31 मई 2026 को शहीद किशन थापा मार्ग निवासी ओशीन गुरंग ने पुलिस को शिकायत दी थी कि महंत राहुल थापा नाम के व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास का सहारा लेकर उनके परिवार पर अनिष्ट आने का डर दिखाया।

आरोपी ने समस्या के समाधान के लिए विशेष पूजा और अनुष्ठान कराने की बात कही और इसी दौरान धोखे से उनके 65 तोला सोने के आभूषण गायब कर दिए। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने 9 जून को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दो अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।

बाबा ऐसे रचता था ठगी का जाल

पूछताछ में आरोपी राहुल थापा ने बताया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई का काम कर रहा है। ज्यादा पैसा कमाने के लालच में उसने ठगी का एक नया तरीका अपनाया था। वह अपने संपन्न शिष्यों के घरों के बाहर रात में चुपके से काले कपड़े में बंधी टोना-टोटका सामग्री की पोटली फेंक देता था।

अगले दिन वह उन्हें फोन कर दावा करता था कि उसे सपना या आभास हुआ है कि उनके घर पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है। इसके बाद वह अनिष्ट दूर करने के नाम पर पूजा-अनुष्ठान कराता और मोटी रकम वसूलता था।

रिश्तेदार महिला को बनाया निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि ओशीन गुरंग आरोपी का दूर का रिश्तेदार भी हैं। आरोपी राहुल थापा (34) पुत्र गिरीश थापा निवासी तेलपुरा को पता था कि महिला अपने परिवार की इकलौती बेटी है और उसके पास बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण हैं। इसी लालच में उसने पूरी साजिश रची।

ये भी पढ़ें: देहरादून में टोना-टोटका हटाने के नाम पर 65 तोला सोना गायब, महंत ने घर पर बताया बुरा साया, फिर…

आरोपी ने महिला के घर के बाहर खुद टोना-टोटका वाली पोटली फेंकी और फिर अगले दिन उसे अनिष्ट का डर दिखाया। पूजा के दौरान उसने महिला और उसकी मां से सभी आभूषण एक संदूक में रखने को कहा। बाद में मौका पाकर उसने संदूक से आभूषण निकाल लिए और खाली संदूक को मंदिर में 62 दिन तक बंद रखने की सलाह दे दी।

15 तोला सोना और 5 लाख बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर ठगे गए आभूषणों को गलाकर बनाए गए लगभग 150 ग्राम के सोने के बिस्कुटनुमा बार और आभूषण बेचकर प्राप्त 5 लाख की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार घटना करीब तीन माह पुरानी होने के कारण शेष आभूषणों की बरामदगी चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए आरोपी का पुलिस रिमांड लेकर आगे भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें