उत्तराखंड में जनगणना कार्य की रफ्तार पर केंद्र संतुष्ट, महा रजिस्ट्रार ने की समीक्षा

भारत के महा रजिस्ट्रार और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने गुरुवार को देहरादून के देहराखास इलाके में जनगणना कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनगणना कार्य की प्रगति संतोषजनक है।
जनगणना आयुक्त ने देहराखास में की जनगणना कार्य की समीक्षा
मृत्युंजय कुमार नारायण ने उत्तराखंड में जनगणना कार्य की प्रगति पर संतोष प्रकट किया है। उन्होंने देहराखास इलाके के कुछ घरों में पहुंचकर जनगणना कार्य की प्रक्रिया को करीब से देखा और फील्ड स्टाॅफ से जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरे देश में जनगणना कार्य को लेकर लोग जिस तरह से उत्साह दिखा रहे हैं, वह उल्लेखनीय है।
जनगणना के कार्य में पहली बार डिजिटल प्रयोग
मीडिया से बातचीत में महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त नेे कहा कि आजाद भारत के इतिहास में यह पहला अवसर है, जबकि जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल फार्मेट पर लाया जा रहा है। इससे आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर रहेगी और गलतियों को आसानी से सुधारा जा सकेेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार स्वगणना का विकल्प दिया गया है। पूरे देश में स्वगणना के विकल्प का इस्तेमाल करने वालों की संख्या का करोड़ में पहुंचना बताता है कि नए प्रयोग को लोग स्वीकार रहे हैं।
चुनौतीपूर्ण, लेकिन जल्द नतीजे निकलने की उम्मीद
मृत्युंजय कुमार नारायण ने एक सवाल के जवाब में कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना बेहद चुनौतीपूर्ण है। इसके बावजूद, इस अभियान में सभी लोग उत्साहपूर्वक जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऑफलाइन डाटा एकत्रित करने का विकल्प भी फील्ड स्टाॅफ के पास है, लेकिन इसे अनिवार्य रूप से डिजिटल फार्मेट में लाया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी कानून-व्यवस्था या फिर तकनीकी वजह से जनगणना कार्य में दिक्कत आने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना के चलते इसके परिणाम जल्द निकलने की उम्मीद की जा सकती है।
जनगणना के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन
जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने देहराखास में जनगणना कार्य निदेशालय के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। अभी तक जनगणना निदेशालय का कार्य मातावाला बाग स्थित किराये के भवन से चल रहा था।