UttarakhandBig News

गंगोत्री धाम में दर्शन से पहले पीना होगा गोमूत्र और गोबर वाला ‘पंचगव्य’,मंदिर समिति का ऐलान

Gangotri dham: उत्तराखंड में 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा का श्रीगणेश हो जाएगा। यात्रा से पहले उत्तराखंड से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे देश में एक बहस छेड़ दी है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के गैर सनातन धर्म के लोगों पर बैन के बाद अब गंगोत्री मंदिर समिति ने हाल ही में एक फरमान जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि मंदिर में मां गंगा के दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों को पंचगव्य का सेवन करना होगा।

गंगोत्री धाम में दर्शन करने से पहले पीना होगा ‘पंचगव्य’

उत्तराखंड के चार धामों में एक के बाद एक ऐसे फ़ैसले लिए जा रहे हैं, जिन्होंने हर किसी को पूरी तरह से हैरान कर दिया है। इस बार गंगोत्री मंदिर समिति ने हाल ही में एक ऐसा फरमान जारी किया है जो आस्था, विवाद और विज्ञान को एक साथ कटघरे में खड़ा करता है। मंदिर समिति की ओर से फैसला लिया गया है कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले गैर सनातन धर्म के लोगों को पंचगव्य पीना होगा।

पंचगव्य में क्या-क्या मिलाया जाएगा?

बता दें पंचगव्य को गाय के गोबर, गंगाजल, घी, शहद और गोमूत्र को मिलाकर बनाया जाता है। मंदिर समिति का कहना है कि अगर कोई गैर सनातनी इस पंचगव्य का पान कर लेता है तो वो शुद्ध हो जाता है और सनातनी बन जाता है। जिसके बाद ही उसे गंगोत्री धाम में दर्शन करने की इजाज़त दी जाएगी।

ये भी पढ़ें: केदारनाथ- बदरीनाथ समेत सभी मंदिरों में गैर-हिंदुओं का प्रवेश वर्जित!, BKTC अध्यक्ष का बड़ा ऐलान

पंचगव्य’ ग्रहण करने से हो जाएगी घर वापसी: मंदिर समिति

मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने एक मीडिया चैनल को बताया कि यदि कोई मुस्लिम मंदिर आता है और ‘पंचगव्य’ ग्रहण करता है, तो वह ‘दर्शन’ (पूजा-अर्चना) कर सकता है, और इसके साथ ही उसकी ‘घर वापसी’ भी हो जाती है। दूसरे शब्दों में, हम उसे विधिवत रूप से सनातन धर्म में पुनः शामिल कर लेंगे। इसके अलावा, सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार उसका नाम भी बदल दिया जाएगा।

इन समुदायों पर लागू नहीं होंगे नियम

सचिव सुरेश सेमवाल के अनुसार, सिख, बौद्ध और जैन समुदायों के यात्रियों के गंगोत्री धाम जाने पर कोई रोक नहीं है। सचिव का कहना है कि ये सभी समुदाय, सनातन धर्म की ही तरह, अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हैं इसलिए, उन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।

मंदिर समिति ने नियमों का पालन करवाने के लिए किया समिति का गठन

सचिव ने आगे बताया कि इसका पालन कराने के लिए 8 से 10 सदस्यों की एक समिति बनाई गई है। इस समिति में न केवल मंदिर के पुजारी शामिल होंगे, बल्कि कानूनी विशेषज्ञ, विशेष रूप से वकील भी शामिल होंगे। यह टीम यह सुनिश्चित करेगी कि यदि किसी गैर-सनातन व्यक्ति को प्रवेश से रोका जाता है या उसे पंचगव्य दिया जाता है, तो उस स्थिति में कोई कानूनी जटिलता या खामी न आए। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव का कहना है कि वे किसी की भी धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन नहीं कर रहे हैं, बल्कि इसके विपरीत, वे अपने स्वयं के धर्म की पवित्रता की रक्षा कर रहे हैं।


Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें