Rudraprayag News

प्रशासन गांव की ओर: पूर्वी बांगर में बहुउद्देशीय शिविर, 92 समस्याएं दर्ज

मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशानुसार आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के त्वरित व प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

“प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

इसी कड़ी में बुधवार, 25 फरवरी को तहसील बसुकेदार के पूर्वी बांगर क्षेत्र स्थित देवलाणी मैदान बक्शीर में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय भुनालगांव के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई, जिसके माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं पूर्वी बांगर निर्माण समिति के अध्यक्ष शिव लाल आर्य ने क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक और जिलाधिकारी को बधाई पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

आपदा प्रभावितों को दिए चेक

शिविर के दौरान पिछले साल अगस्त माह में आई आपदा में जिन लोगों के वाहनों को नुकसान हुआ था, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता धनराशि के चेक विधायक और जिलाधिकारी के माध्यम से वितरित किए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायतीराज व ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र सहित कई मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया।

शिविर में 92 समस्याएं दर्ज

शिविर के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा कुल 92 समस्याएं रखी, जिनमें से 40 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़कों, विद्यालय भवनों की मरम्मत, बस सेवा बहाल करने, नए राशन वितरण केंद्र खोलने और मोबाइल नेटवर्क सुधार जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं। अपने संबोधन में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और नेटवर्क कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के लिए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं विधायक भरत चौधरी ने कहा कि सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र में सड़कों, खेल सुविधाओं और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें