कोर कमेटी बैठक में दुष्यंत गौतम गैरहाजिर, भट्ट ने दी सफाई, बताई ये वजह

भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक 14 फरवरी को संपन्न हुई, लेकिन इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी ने सियासी हलकों में चर्चा को हवा दे दी। बैठक में संगठनात्मक रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन किया गया, हालांकि प्रभारी और सह प्रभारी दोनों की अनुपस्थिति सवालों के घेरे में रही।
दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी पर प्रदेश अध्यक्ष ने दी सफाई
इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्थिति साफ करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि दुष्यंत गौतम एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। भट्ट के मुताबिक यह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था, जिसकी वजह से उनकी अनुपस्थिति रही।
पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्त है रेखा वर्मा: भट्ट
सह प्रभारी रेखा वर्मा की गैरहाजिरी पर भी महेंद्र भट्ट ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि रेखा वर्मा पश्चिम बंगाल चुनाव में पार्टी की जिम्मेदारी निभाने के लिए वहां पहुंची हुई हैं। यही कारण है कि वह कोर कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हो पाईं। भट्ट ने यह भी कहा कि रेखा वर्मा ने इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से पहले ही अनुमति ले रखी थी।
अंकिता भंडारी मामले में कथित के आरोप के बाद से ही
हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के आरोप लगने के बाद से ही दुष्यंत गौतम की उत्तराखंड में सक्रियता कम देखने को मिली है। ऐसे में कोर कमेटी की बैठक में उनकी अनुपस्थिति ने चर्चाओं को और तेज कर दिया है। फिलहाल पार्टी की ओर से इसे महज कार्यक्रमों की व्यस्तता बताया जा रहा है, लेकिन सियासत में सवालों का दौर अभी थमा नहीं है।