Rudraprayag NewsHighlight

डोली पर मुकदमे की चर्चा से मचा हड़कंप, रुद्रप्रयाग DM ने दिया स्पष्टीकरण

रुद्रप्रयाग में महर्षि अगस्त्यमुनि महाराज की पारंपरिक देवरा यात्रा को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया गया है कि मुनि महाराज की डोली पर मुकदमा दर्ज होने से जुड़ी खबरें पूरी तरह भ्रामक और असत्य हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अराजक तत्वों ने पहुंचाया सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान: DM

प्रशासन के अनुसार देवरा यात्रा के दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा धार्मिक परंपरा की आड़ में अव्यवस्था फैलाने, हिंसा करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। इस दौरान क्रीड़ा भवन के मुख्य द्वार को क्षतिग्रस्त किया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर तीन से चार घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे आम नागरिकों, यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

डीएम प्रतीक जैन ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन धार्मिक आस्था और परंपराओं का पूरा सम्मान करता है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल उन अराजक तत्वों के खिलाफ की गई है, जिन्होंने हिंसा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध किया।

ये भी पढ़ें: अगस्त्यमुनि में बवाल: डोली ने कर दिया आगे बढ़ना से इंकार, गुस्साए भक्तों ने तोड़ दिया गेट, पढ़ें पूरा मामला

मुनि महाराज की डोली पर नहीं हुआ मुकदमा दर्ज: DM

16 जनवरी को अगस्त्यमुनि मंदिर समिति के अध्यक्ष और पंचकोटि के पंच पदान समेत 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रतिक जैन से मुलाकात की। बैठक के दौरान स्पष्ट हुआ कि मंदिर समिति और जिला प्रशासन के बीच पूर्ण समन्वय है और मुनि महाराज की डोली बिना किसी बाधा के अपनी देवरा यात्रा पूरी करेगी।

प्रशासन ने यह भी साफ किया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा जानबूझकर यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि मुनि महाराज की डोली पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि यह पूरी तरह निराधार है। उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला ने बताया कि डोली पर किसी भी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि परंपरागत मार्ग के बजाय डोली को जबरन क्रीड़ा मैदान के मुख्य गेट से लाया गया और पूर्व नियोजित तरीके से गेट को क्षति पहुंचाई गई।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें