UttarakhandBig News

शराब के शौकीनों के लिए बुरी खबर: 15 दिसंबर से बढ़ेंगे हैं दाम, जानें कितनी होगी बढ़ोतरी

उत्तराखंड में शराब पीने वालों के लिए 15 दिसंबर से बड़ा झटका तय है। राज्य सरकार ने आबकारी नीति 2025-26 में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12 फीसदी वैट फिर से लागू करने का निर्णय लिया है। इससे शराब की कीमतों में 40 रुपए से लेकर 100 रुपए तक की बढ़ोतरी होने जा रही है।

15 दिसंबर से उत्तराखंड में महंगी होगी शराब

आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के अनुसार, शासनादेश मिलने के बाद संशोधित दरों को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए तय टाइम-लाइन बनाई गई है। विभाग ने नई दरें लागू करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, जिसके बाद सरकार ने 15 दिसंबर तक नई प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दे दी है।

एक्साइज ड्यूटी पर फिर लगेगा 12% वैट

गौरतलब है कि वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति तैयार करते समय विभाग ने एक्साइज ड्यूटी से वैट को हटा दिया था। उस समय तर्क दिया गया था कि उत्तर प्रदेश में एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगता, इसलिए उत्तराखंड को भी प्रतिस्पर्धी बने रहना होगा और इससे अवैध शराब की तस्करी पर भी रोक लग सकेगी। लेकिन वित्त विभाग ने इस कदम पर आपत्ति जताई और वैट हटाने को गलत फैसला बताया। वित्त विभाग की कड़ी आपत्ति के बाद सरकार एक्साइज ड्यूटी पर फिर से 12 प्रतिशत वैट जोड़ने जा रही है।

ये भी पढ़ें: बीयर पीने वालों की मौज! सिर्फ 50 रुपए में मिलेगी 200 वाली Chilled Beer

पहले से ही उत्तराखंड में महंगे हैं शराब के दाम

नए संशोधन के बाद देशी और अंग्रेजी दोनों प्रकार की शराब के दाम बढ़ जाएंगे। कंट्री मेड अंग्रेजी शराब के पव्वे पर करीब 10 रुपये और बोतल पर 40 रुपए की बढ़ोतरी होगी। वहीं विदेश से आयातित अंग्रेजी शराब की बोतलें 100 रुपये तक महंगी हो जाएंगी। जानकारी के लिए बता दें कि उत्तराखंड में शराब के दाम पहले से ही हिमाचल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तुलना में अधिक हैं। नए वैट लागू होने के बाद यह अंतर और बढ़ सकता है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button