NationalHighlight

Padma Awards 2025: देश के 71 दिग्गजों को मिला पद्म पुरस्कार, 96 साल की कठपुतली कलाकार भी सम्मानित

सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित भव्य समारोह में वर्ष 2025 के पद्म पुरस्कारों(Padma Awards 2025) का पहला चरण पूरा किया। इस मौके पर 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। टोटल 71 विशिष्ट लोगों को पद्म सम्मान से नवाज़ा गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद थे।

पद्म अलंकरण समारोह के पहले चरण में देशभर से आए कई क्षेत्रों के योगदानकर्ताओं को सम्मान मिला, जिनमें कला, साहित्य, विज्ञान, चिकित्सा, खेल और समाज सेवा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

पद्म विभूषण से सम्मानित चार प्रमुख नाम Padma Awards 2025

इस साल चार हस्तियों को देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया गया। इनमें दिवंगत ओसामु सुजुकी सुजुकी मोटर के पूर्व प्रमुख , वायलिन वादक डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम, प्रसिद्ध गेस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. डी. नागेश्वर रेड्डी और मलयालम साहित्य के स्तंभ एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) शामिल हैं।

10 हस्तियों को मिला पद्म भूषण सम्मान

पद्म भूषण पाने वालों में कई बड़े नाम शामिल रहे। दिवंगत ग़ज़ल गायक पंकज उधास और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को मरणोपरांत इस सम्मान से नवाज़ा गया। इनके अलावा भारतीय हॉकी के पूर्व सितारे पीआर श्रीजेश, अभिनेता एस. अजित कुमार, फार्मा कंपनी ज़ाइडस लाइफसाइंसेज़ के प्रमुख पंकज पटेल और ‘पेंटियम चिप’ के जनक माने जाने वाले भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम को भी यह सम्मान मिला।

कठपुतली कलाकार को मिला पद्म श्री

कर्नाटक की 96 वर्षीय लोककला की धरोहर, कठपुतली कलाकार भीमव्वा डोड्डाबलप्पा शिल्लेक्यथारा को कला के क्षेत्र में जीवनभर के योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किया गया।

श्रीजेश पी.आर. को मिला पद्म भूषण

केरल के पूर्व हॉकी गोलकीपर और मौजूदा जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कोच श्रीजेश पी.आर. को राष्ट्रपति ने खेल के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया। 22 साल लंबे करियर में उन्होंने दो ओलंपिक कांस्य पदक देश की झोली में डाले और तीन बार ‘एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर’ बनकर दुनिया भर में भारत का नाम रोशन किया।

रविचंद्रन अश्विन को मिला पद्म श्री

Droupadi Murmu

तमिलनाडु के स्टार क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को इस बार पद्म श्री से नवाज़ा गया। अश्विन भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने कई बार अपनी स्पिन से विरोधियों को चकमा दिया है। उन्हें इससे पहले अर्जुन पुरस्कार और आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर जैसे कई बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं।

डॉ. सत्यपाल सिंह का पैरा-खेलों में अहम योगदान

उत्तर प्रदेश के डॉ. सत्यपाल सिंह को राष्ट्रपति ने पैरा एथलीटों के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में दिए गए बेहतरीन योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया। बतौर एथलेटिक्स कोच उन्होंने भारतीय पैरा खिलाड़ियों को पैरालंपिक, वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स जैसे मंचों पर पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

फिल्म, चिकित्सा और कला से जुड़ी हस्तियां रहीं केंद्र में

इस समारोह में फिल्म निर्देशक शेखर कपूर, सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण (बलैया), और एशियन इंस्टिट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के चेयरमैन डॉ. नागेश्वर रेड्डी जैसी हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि इस साल 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 लोगों के नाम पद्म पुरस्कारों के लिए घोषित किए गए थे। जिनमें से पहले चरण में 71 को राष्ट्रपति द्वारा सम्मान मिला। जबकि बाकी को आगे किसी अन्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय उमा कोठारी खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) में बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। वे राजनीति, मनोरंजन, खेल और ट्रेंडिंग विषयों पर गहन और तथ्यपरक खबरें लिखती हैं। उत्तराखंड के स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर इनकी पकड़ मजबूत है। डिजिटल मीडिया में इनका अनुभव पाठकों को सटीक, संतुलित और समय पर जानकारी देने में सहायक है। उत्तराखंड | खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें