मुंबई- वरुण धवन ने अपने एक अज्ञात चाहने वाले के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज़ करवाई है। उनको ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि वो फैन बार बार उन्हें परेशान कर रहा था और आत्महत्या करने तक की धमकी दे डाली।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से वरुण को किसी अज्ञात महिला के मैसेज आ रहे थे। पहले तो उन्होंने सामान्य फ़ैन समझ कर उसे इग्नोर किया। कुछ समय के बाद फोन पर ऐसे संदेशों की जब बाढ़ सी आ गई तो वरुण ने उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। लेकिन उसके बाद वरुण को किसी अज्ञात नंबर से फोन आया और फोन करने वाले आदमी ने कहा कि वरुण उस महिला के मैसेज़ का जवाब नहीं दे रहे हैं इसलिए उसने ख़ुदकुशी करने की धमकी दी है। इसके बाद वरुण ने तुरंत अपने वकील से बात कर पुलिस में शिकायत दर्ज़ करवाई। मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज़ कर लिया है और जल्द ही उस नंबर को ढूंढ निकालने का दावा किया है।
करण जौहर की फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से बॉलीवुड में कदम रखने वाले वरुण धवन ने सिर्फ पांच साल के भीतर फिल्मी दुनिया में अपना वो मुकाम हासिल कर लिया कि उनकी गिनती अब बॉलीवुड के बड़े और कमाऊ सितारों में होने लगी। इसी साल आई उनकी फिल्म जुड़वा 2 ने 100 करोड़ से ज़्यादा की कमाई की है। इसी कारण उनकी फ़ैन फॉलोविंग में तेज़ी से बढ़ोत्तरी हुई है।