Rudraprayag NewsBig News

शीतकाल के लिए बंद हुए मद्महेश्वर मंदिर के कपाट, इस साल 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पंचकेदारों में प्रतिष्ठित द्वितीय केदार मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आज बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं. इस अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया था. कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली ने ढोल-दमाऊ के साथ बाबा के जयकारों के साथ प्रथम पड़ाव गौंडार के लिए प्रस्थान किया. इस अवसर पर 250 से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे.

इस साल 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के दर्शन किए. कपाट बंद होने से एक दिन पहले मद्महेश्वर मंदिर में हवन किया गया. आज सुबह साढ़े चार बजे मंदिर खुल गया था. सुबह पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के दर्शन किए. उसके बाद मंदिर के गर्भगृह में कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू हुई.

प्रथम पड़ाव गौंडार के लिए रवाना हुई चल विग्रह डोली

भगवान मद्महेश्वर के स्वयंभू शिवलिंग को श्रृंगार रूप से समाधि स्वरूप में ले जाया गया. शिवलिंग को फूलों, फल और अक्षत से ढक दिया गया. जिसके बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद किए गए. हक-हकूकधारियों ने भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह डोली के साथ प्रथम पड़ाव गौंडार को प्रस्थान किया. बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि आज 20 नवंबर को कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह डोली रात्रि विश्राम के लिए गौंडार पहुंचेंगी.

23 नवंबर से आयोजित होगा मद्महेश्वर मेला

21 नवंबर को राकेश्वरी मंदिर में प्रवास और 22 नवंबर को गिरिया प्रवास करेगी. 23 नवंबर को गिरिया से चलकर भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में विराजमान हो जाएंगी. ओंकारेश्वर में ही भगवान मद्महेश्वर की शीतकालीन पूजाएं शुरू हो जाएंगी. बता दें कि 23 नवंबर को ही मुख्य रूप से मद्महेश्वर मेला भी आयोजित होता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान मद्महेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मेले के लिए ओंकारेश्वर मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें