highlightPolitics

Kedarnath upchunav : प्रचार के अंतिम दिन गरजे सीएम धामी, केदारनाथ की जनता से किया ये वादा

केदारनाथ उपचुनाव के लिए प्रचार आज थम गया है। प्रचार के अंतिम दिन सीएम धामी गुप्तकाशी से गरजे। एक ओर जहां सीएम धामी ने भाजपा सरकार के विकासकार्यों को गिनाया तो वहीं दूसरी ओर जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण और लैंड जिहाद की समर्थक रही है जबकि भाजपा ने इस पर कानून बनाया।

प्रचार के अंतिम दिन गरजे सीएम धामी

गुप्तकाशी मे आयोजित भाजपा की चुनाव रैली मे धामी ने वादा किया कि क्षेत्र के विकास मे कोई कमी नही रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंडा पुरोहित, डंडी कंडी, घोड़े खच्चर संचालक और लघु व्यापारियों के साथ यात्रा शुरू होने से 2 महीने पहले चर्चा कर योजनाओं को अमली जमा पहनाया जायेगा। धामी ने कहा कि हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या मे वृद्धि हो रही है तो संसाधन और सुविधाओं मे इजाफा भी करना होगा। इसके लिए आपसी राय मशविरे से कार्य होगा।

उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के पक्ष में समर्थन देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा आशा नौटियाल खुद अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर चुनाव में खड़ी हुई हैं। आशा नौटियाल का लगाव और जुड़ाव इस क्षेत्र से है। उन्होंने कहा एक प्रतिनिधि के नाते आशा नौटियाल बीते 3 साल में केदारनाथ क्षेत्र के विकास को लेकर कई बार मेरे पास आई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा क्षेत्र के लिए समर्पित और कर्मठ नेता को इस क्षेत्र से विधायक बनाना है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य बढ़ रहा आगे

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया था। उनके इन शब्दों के अनुरूप क्षेत्र में विकास भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा जिस कांग्रेस ने 60 साल तक देश में राज किया, उनका कोई भी प्रधानमंत्री बाबा केदार के धाम में नहीं आया। प्रधानमंत्री मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो 7 बार बाबा केदारनाथ जी के दर्शन करने उत्तराखंड आए हैं। क्योंकि उनके दिल में बाबा केदारनाथ जी बसते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का भव्य और दिव्य निर्माण कार्य चल रहा है। इस क्षेत्र में 2 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि से विकास कार्य हो रहे हैं। केदारनाथ धाम के साथ पूरी केदार घाटी का विकास तेजी से किया जा रहा है।इस क्षेत्रों में कई सड़को, पुलो, पार्कों, धार्मिक स्थलों का कार्य किया जा रहा है। हमारी सरकार द्वारा संचालित किसान सम्मन निधि योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जैसी अनेकों योजनाओं ने लोगों के जीवन को बेहतर करते हुए आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

केदारनाथ की जनता से किया वादा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में केदारनाथ आने वालों की संख्या लगातार घटती जा रही थी। लेकिन आज डबल इंजन की भाजपा सरकार में यात्रियों की संख्या हर साल निरंतर बढ़ती जा रही है। लगातार इसमें बढ़ोतरी हो रही है। इस साल 16 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने केदारनाथ की यात्रा की है। उन्होंने कहा यात्रा समय में आने वाली दिक्कतों को दूर करने हेतु हम कार्य कर रहे हैं।

हम जल्द ही यात्रा प्राधिकरण बनाने वाले हैं और चार धाम यात्रा का संचालन व्यवस्थित तरीके से करने हेतु कार्य करेंगे। उन्होंने कहा यात्रा प्राधिकरण से पहले सभी हितधार को को तीर्थ पुरोहितों होटल व्यापारियों दुकानदारों घोड़ा खच्चर संचालको की राय लेंगे। यात्रा शुरू होने से 2 महीने पहले सभी व्यापारियों को अनुमति देने का काम करेंगे, जिससे किसी को दिक्कत का सामना न करना पड़े।

2013 आपदा में कांग्रेस ने जनता के जीवन के साथ किया था खिलवाड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ क्षेत्रों के अन्य सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहे इसके लिए भी व्यवस्थित तरीके से कार्य किया जाएगा। मदमहेश्वर धाम की यात्रा को भी केदारनाथ धाम की यात्रा के अनुरूप विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय में वो खुद ग्राउंड जीरो में जाकर जनता के साथ खड़े रहते हैं। इस बार भी केदारनाथ में आपदा के दौरान 16 हजार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। व्यापारियों को हुए नुकसान की भरपाई राज्य सरकार ने 10 करोड़ की धनराशि से की है। 2013 आपदा में कांग्रेस सरकार ने जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ किया। क्षेत्र की जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ किया।

सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तराखंड के अंदर लैंड जिहाद, मजारों बनाने वालों को आगे बढ़ाया। कांग्रेस के नेता हरीश रावत घुसपैठियों को बसाने की बात करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस की इन्हीं हरकतों की वजह से राज्य में डेमोग्राफी चेंज हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा एक ओर हम बद्रीनाथ केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कर रहे हैं, सड़के, अस्पताल बना रहे हैं और कांग्रेस के नेता मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार ने 5 हजार एकड़ जमीन से अवैध कब्जा हटाने का काम किया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार जल्द ही सख्त भू-कानून भी लेकर आएगी।

कांग्रेस के विधायक बनाते थे सिर्फ बहाने

सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार जब पूर्व में विधायक थे तो केवल काम ना करने का बहाना बनाते थे। उन्हें विधायक निधि के रूप में विकास कार्यों हेतु करोड़ों की धनराशि दी गई। परंतु उन्होंने 6 करोड़ की धनराशि वापस कर दी। ये उनकी विकास और क्षेत्र के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। सीएम ने बाबा विश्वनाथ की कसम कि मेरे मुख्यमंत्री रहते हुए कांग्रेस प्रत्याशी इस क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए कभी मेरे पास नहीं आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा आशा नौटियाल को टिकट देकर भाजपा ने महिलाओं के सम्मान को भी दर्शाया है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में भी 30 प्रतिशत आरक्षण माताओं बहनों के लिए किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता केदारनाथ विधानसभा के प्रवासी मतदाताओं से वोट न देने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस का पंजा खूनी पंजा है उन्हें अपने खूनी पंजे पर विश्वास नहीं रहा। उन्होंने कहा 20 तारीख को केदारनाथ का हर वह व्यक्ति जो विकसित केदारनाथ को देखना चाहता है वो अवश्य भाजपा को वोट देने जाएगा।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button