Dehradun NewsHighlight

इगास कार्यक्रम में बोले सीएम धामी, रिवर्स माइग्रेशन की दिशा में जमीनी स्तर पर हो रहा कार्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इगास पर्व पर बीते मंगलवार को देहरादून के ऑफिसर्स क्लब ओएनजीसी पहुंचे. इस दौरान सीएम धामी ने हिमगिरि ओहो उमंगोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और भैलो भी खेला.

हमारे राज्य की पहचान है लोक परंपराएं : CM

सीएम धामी ने सभी को इगास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमगिरि सोसायटी समाज सेवा कर रही है. लोक संस्कृति, लोक परंपराएं, पहाड़ी परिधान हमारे राज्य की पहचान और आत्मा हैं. यह हमारे गौरवशाली इतिहास का प्रतीक हैं. बूढ़ी दीपावली (इगास) राज्य की आस्था का प्रतीक भी है. हमारी आने वाली पीढ़ी तक लोक संस्कृति को पहुंचाना हम सभी का दायित्व है. सीएम धामी ने कहा हमारी परंपराओं के पीछे बड़ी और शानदार कहानियां हैं. पर्वतीय क्षेत्रों में भगवान राम के विजय का समाचार देर से पहुंचा था, इसलिए कई इलाकों में दीपावली 11 दिन बाद बनाई जाती है.

रिवर्स माइग्रेशन की दिशा में जमीनी स्तर पर हो रहा कार्य

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज के दिन से हमारे सभी शुभ कार्य प्रारंभ हो जाते हैं. उन्होंने जनता से अपने-अपने गांव में जाकर लोक पर्व मनाने और इसे अन्य लोगों तक भी पहुंचाने का आग्रह किया. सीएम ने कहा त्योहारों के अवसर पर उत्तराखण्डी प्रवासी अपने गांव का रुख कर रहे हैं. उन्होंने उत्तराखण्डी प्रवासियों से भी घरों में लौटकर लोक पर्वों को मनाने का आग्रह किया. सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स माइग्रेशन की दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है. इस साल हमने प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ राज्य स्थापना से पहले सम्मेलन करने का निर्णय लिया, जिसके सकारात्मक परिणाम आए हैं.

राज्य सरकार जल्द लागू करेगी एक सशक्त भू-कानून : CM

सीएम धामी ने कहा यह दिवस हम सभी को एक साथ मिलने का अवसर है. आगे भी प्रवासी सम्मेलन दिवस इसी तरह मनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखण्ड प्रथम आया है. राज्य सरकार ने यूसीसी विधेयक पारित करके नया इतिहास बनाया है. बीते 3 सालों में रिकॉर्ड 18 हजार 500 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं. धर्मांतरण कानून लागू किया है. इसके साथ ही प्रदेश में दंगारोधी कानून भी लागू किया गया है, जिसके तहत दंगा करने वाले से ही पाई पाई की वसूली की जाएगी. जल्द ही राज्य सरकार एक सशक्त भू-कानून भी लागू करेगी.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें