सीएम धामी ने की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा, ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की. बैठक के दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का अपडेट लिया.
ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में जिन विभागों के अधिकारियों द्वारा जन समस्याओं के समाधान में ढिलाई बरती गई थी उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए, सीएम धामी ने कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है तो अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिकायतकर्ताओं की समस्या का जल्द हो समाधान : CM
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक के दौरान शिकायतकर्ताओं से वार्ता भी की। जिन लोगों की समस्या का समाधान हो चुका है उन्होंने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। वहीं सीएम ने अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान त्वरित रुप से करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
विभिन्न क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के दिए निर्देश
सीएम ने बैठक में डीएम को नियमित रूप से तहसील दिवसों का आयोजन करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही जनता की समस्याओं का समाधान होने के बाद उनसे फीडबैक प्राप्त करने के लिए कहा. सीएम ने SDG इंडेक्स में सर्वोच्च रैंक प्राप्त करने को सकारात्मक बिंदु बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य पद्धति में गुणात्मक सुधार करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन किया जाए।