highlightUttarakhand

उपचुनाव में जीत का कांग्रेस में जश्न, कहा- एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी नहीं जीती भाजपा

उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद से कांग्रेसियों में जश्न का माहौल है। कांग्रेसियों ने महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र होकर जश्न मनाते हुए मिष्ठान वितरण किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उपचुनाव के परिणामों को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम बताया।

अब धर्म के नाम पर राजनीति नहीं चलेगी

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन की अगुवाई में तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए। कांग्रेसियों ने मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए मिष्ठान वितरित किया। इस दौरान कांग्रेस नेता अर्पित मल्होत्रा ने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा का घमण्ड एक बार फिर चूर हो गया है। धर्मनगरी अयोध्या के बाद बद्रीनाथ में भाजपा की हार ने ये साबित कर दिया है कि अब धर्म के नाम पर राजनीति नहीं चलेगी।

एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी नहीं जीती भाजपा

वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री मुक्ता सिंह ने कहा कि दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी थी। मुख्यमंत्री खुद इन दोनों सीटों को जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे थे। लेकिन भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री इंदुमान ने कहा कि दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता का मोहभंग हो चुका है। मंगलौर और बद्रीनाथ की जनता ने भाजपा सरकार के खिलाफ जनादेश देकर भ्रष्टाचार, महंगाई और जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब दिया है।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button