गर्लफ्रेंड के प्यार में पागल होकर कर दिया पत्नी का कत्ल, ऐसे हुआ मामले का खुलासा

जसपुर की वर्षा की राजस्थान में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वर्षा का कत्ल उसी के पति ने किया था। आरोपी पति ने गर्लफ्रेंड के प्यार में पागल होकर उस से शादी करने के इरादे से अपनी पत्नी को रास्ते से हटा दिया। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है।
गर्लफ्रेंड के प्यार में पागल होकर कर दिया पत्नी का कत्ल
राजस्थान में हुई जसपुर की वर्षा की हत्या उसी के पति ने की थी। इसके पीछे की वजह भी अब सामने आ गई है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पता चला है कि वर्षा का पति विशाल अपने ही एक दोस्त की बहन से प्यार करता था। आरोपी विशाल अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। इसलिए उसने वर्षा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसका कत्ल कर दिया।
जन्मदिन पर घुमाने के बहाने ले गया था राजस्थान
बता दें कि आरोपी विशाल अपनी पत्नी वर्षा को घुमाने के लिए राजस्थान ले गया था। 13 जून को वर्षा का जन्मदिन था। इस मौके पर विशाल वर्षा को खाटू श्याम मंदिर घुमाने के लिए ले गया और इसके लिए उसने कार बुक की। 17 जून को वो घर वापस लौटा और उसने कहा कि वर्षा राजस्थान में गायब हो गई है। उसका फोन भी बंद और वो कहीं नहीं मिली।
विशाल के अकेले घर लौटने और उसकी बातें सुन परिजनों को अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी बीच राजस्थान पुलिस ने सोशल मीडिया पर मृतका की शिनाख्त के लिए एक फोटो जारी किया। जिस से परिजनों ने उसकी पहचान की। पुलिस ने विवाहिता के परिजनों को बताया कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। जिसके बाद उसके शव को सड़क किनारे फेंक दिया था।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
वर्षा की लाश मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि वो बिजनौर के गांव उदयपुर थाना रेहड़ के रहने वाले हैं। नौ साल पहले उन्होंने अपनी बेटी वर्षा की शादी जसपुर निवासी विशाल कुमार से की थी। शादी के बाद से ही विशाल और उसके घर वाले वर्षा का दहेज के लिए उत्पीड़न कर रहे थे।
पुलिस ने जब आरोपी विशाल से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वो अपने दोस्त मडवाखेड़ा निवासी मोहित उर्फ मन्नू की बहन से प्यार करता है। उसके परिवार वाले भी विशाल से अपनी बेटी की शादी करवाना चाहते थे। इसलिए उसने वर्षा की हत्या की साजिश रची। आरोपी ने बताया कि उसने और उसके दो दोस्तों ने मिलकर 18 जून की रात को वर्षा की गाड़ी में ही गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद 19 जून को विशाल ने वर्षा के सीने में दो गोलियां मारी और उसके शव को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।