Char Dham Yatra News : यमुनोत्री धाम से धारा 144 हटाने की मांग, लोग कर रहे प्रदर्शन और नारेबाजी

यमनोत्री धाम में बढ़ते श्रद्धालुओं के बढ़ते दबाव के कारण प्रशासन द्वारा धारा 144 लागू की गई है। लेकिन अब इसको लेकर विरोध देखने को मिल रहा है। रविवार को जानकीचट्टी में चारधाम यात्रा से जुड़े लोगों ने धरना दिया। इसके साथ ही शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यमुनोत्री धाम से धारा 144 हटाने की मांग
यमनोत्री धाम में धारा 144 लागू किए जाने को लेकर रविवार सुबह चारधाम यात्रा से जुड़े लोगों ने धाम के आखिरी पड़ाव जानकीचट्टी में प्रदर्शन किया। लोगों ने यमुनोत्री धाम से धारा 144 हटाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने ऑफलाइन पंजीकरण शुरू करने की भी मांग की है।
धरना-प्रदर्शन कर जमकर की नारेबाजी
लोगों ने गेट सिस्टम बंद कर यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाहनों को रोकने के विरोध में बस पार्किंग के पास प्रदर्शन किया। इसके साथ ही लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चारधाम यात्रा से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि श्रद्धालुओं को जगह-जगह रोक कर परेशान किया जा रहा है। जबकि जानकीचट्टी की बस पार्किंग में जगह खाली है। यहां तो सन्नाटा पसरा हुआ है।
चारधाम में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा को शुरू हुए अभी दो हफ्ते ही बीते हैं। इतने कम समय में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए हैं। अब तक गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में 10.30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। इसमें सबसे ज्यादा केदारनाथ धाम में 4.47 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।