महाराष्ट्र के नांदेड में आयकर विभाग को बड़ी सफलता, 170 करोड़ की संपत्ति जब्त
महाराष्ट्र के नांदेड में आयकर विभाग के हाथ बड़ी सफलता लगी है। 72 घंटे तक कार्रवाई करने के बाद आयकर विभाग के हाथ 170 करोड़ की संपत्ति लगी है। इसमें 8 किलो सोना, 14 करोड़ कैश समेत कुल 170 करोड़ की संपत्ति जब्त हुई है। छापेमारी में मिले 14 करोड़ रुपये को गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ी जिसके बाद भी 14 घंटे लग गए।
बता दें कि आयकर विभाग को भंडारी फैमिली के विनय भंडारी, आशीष भंडारी, संतोष भंडारी, महावीर भंडारी और पदम भंडारी के यहां टैक्स चोरी की शिकायत मिली थी। इनका फाइनेंस बिजनेस है। जिसके बाद आयकर विभाद ने भंडारी फाइनेंस के ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में इनकम टैक्स की पुणे, नासिक, नागपुर, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और नांदेड़ के सैकड़ों अधिकारियों ने 25 से ज्यादा गाड़ियों के साथ संयुक्त रुप से छापेमारी की।
170 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति जब्त
नांदेड़ में आयकर अधिकारियों ने एक साथ इतने बड़े मात्रा में छापेमारी की। यह पहली बार है जब आईटी ने एक साथ इस तरह की कार्रवाई की है। विभाग ने बीते शुक्रवार, शनिवार और रविवार तीन दिन तक रेड की प्रक्रिया जारी रखी। इस छापेमारी में 8 किलो सोना, 14 करोड़ कैश समेत कुल 170 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति जब्त की गई है। वहीं आईटी की टीम अभी भी मामले की जांच कर रही है।