‘आपने मुझे डराया, लेकिन अब कोशिश बंद करो’, कांग्रेस और राजद पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर पीएम मोदी ने शुक्रवार को बिहार के अररिया जिले में रैली को संबोधित किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजद में जमकर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने ये तक कह दिया कि विपक्ष का इकोसिस्टम 25 साल से उन्हें डराने की कोशिश कर रहा है लेकिन वह वहीं डरे। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आरजेडी लोगों का हक छीनने की प्रवृत्ति से बाज नहीं आ रहे हैं। अब कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण का हक छीनने की बहुत गहरी साजिश रची है।
भारत में धर्म आधारित आरक्षण नहीं हो सकता
पीएम मोदी ने रैली में कहा कि देश के संविधान ने साफ-साफ कहा है कि भारत में धर्म आधारित आरक्षण नहीं हो सकता। लेकिन, कांग्रेस पूरे देश में धर्म आधारित आरक्षण के लिए जोर लगा रही है। कांग्रेस चाहती है कि उसका कर्नाटक का आरक्षण मॉडल पूरे देश में लागू हो। पीएम ने कहा कि OBC जातियों का आरक्षण छीनकर, कांग्रेस अपने चहेते वोटबैंक को देना चाहती है। तुष्टिकरण के दलदल में कांग्रेस-RJD जैसी पार्टियां इतना धंस गई हैं कि उनके लिए संविधान भी मायने नहीं रखता।
आपने मुझे डराया, लेकिन अब कोशिश बंद करो
पीएम मोदी ने रैली में कहा कि जब मैं कांग्रेस द्वारा सिर्फ मुसलमानों को प्राथमिकता दिए जाने की बात करता हूं, तो कुछ लोग आगबबूला हो जाते हैं। उनका इकोसिस्टम पिछले एक सप्ताह में मेरे बाल नोंच रहा है। मैं इन्हें कहना चाहता हूं कि 25 साल हो गए, आपने मुझे बहुत डराने की कोशिश की, लेकिन मैं डरा नहीं, इसलिए अब कोशिश बंद कर दो।
देश की संपत्ति पर पहला हक किसका?
पीएम मोदी ने याद दिलाया कि 2011 में जब दिल्ली में आरजेडी और कांग्रेस की सरकार थी। तो उस समय के पीएम डॉ. मनमोहन सिंह की कैबिनेट ने ओबीसी आरक्षण का हिस्सा छीनकर धर्म के आधार पर वोटबैंक को आरक्षण देने की मंजूरी दे दी थी। लेकिन, उस समय जागरूक कोर्ट ने इन्हें ऐसा करने से रोक दिया था। पीएम ने कहा कि इस देश के संसाधनों पर, देश की संपत्ति पर पहला हक मेरे देश के गरीबों का, मजदूरों का, किसानों का, माताओं-बहनों का है। चाहे किसी भी धर्म के हों, लेकिन अगर वो गरीब हैं तो पहला हक उनका है, ये मोदी की सोच है।