पश्चिम बंगाल में नया बवाल, फेल हो रहे आधार कार्ड, ममता बनर्जी ने पीएम से पूछे सवाल
आधार कार्ड को लेकर पश्चिम बंगाल में बवाल मचा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से तृणमूल कांग्रेस बंगाल के लोगों के आधार को निष्क्रिय करने के पीछे भारतीय जनता पार्टी की साजिश की बात कर रही है। ममता बनर्जी ने दावा किया है कि भाजपा के नेतृत्व वाला केंद्र उनके राज्य के लोगों के आधार कार्डों को निष्क्रिय कर रहा है। ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर इसके पीछे का कारण जानना ताहा। उन्होनें पीएम से पूछा कि अचानक अल्पसंख्यकों के आधार कार्ड अंधाधुंध निष्क्रिय क्यों हो रहे हैं।
पीएम से ममता ने पूछा सवाल
अपने पत्र में ममत बनर्जी ने पीएम मोदी से पूछा, मैं आपसे ऐसे कदम का कारण जानना चाहूंगी। क्या यह सिर्फ लाभार्थियों को वंचित करने के लिए है या लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बड़े पैमाने पर लोगों के बीच दहशत की स्थिति पैदा करने के लिए है।
सीएम ममता ने बीजेपी पर लगाया आरोप
बता दें कि आधार कार्ड को लेकर टीएमसी बीजेपी को शुरु से ही घेरती आ रही है। पहले सीएम ममता ने आरोप लगाते हुए कहा, बीजेपी ने योजना बनाकर आधार को निष्क्रिय कर दिया है। गरीब लोगों के मामले में तो यह और भी ज्यादा रहा है। दरअसल, ये सब संसोधित नागरिकता कानून को लागू करने के मकसद से किया गया है। लेकिन मैं किसी राज्य में किसी भी तरह से ऐसा नहीं होने दूंगी।
चुनाव आयोग जाएगी तृणमूल
सीएम ममता बनर्जी ने शिकायत की है कि यह पूरा काम राज्य या जिला प्रशासन को अंधेरे में रखकर किया गया। ममता ने यह भी कहा कि तृणमूल इस बारे में चुनाव आयोग जाएगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में आधार कार्ड निष्क्रिय होने की शिकायतों के बाद रविवार को ए सार्वजनिक बैठक में उपस्थित मुख्य सचिव बीपी गोपालिक को इस संबंध में आम लोगों की शिकायतों के लिए एक पोर्टल बनाने का निर्देश दिया। ममता ने कहा कि पोर्टल मंगलवार से प्रभावी होगा।