स्वामी प्रसाद मौर्य ने छोड़ी सपा पार्टी, एमएलसी पद से भी दिया इस्तीफा, जानें वजह
लोकसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवाजी पार्टी को छोड़ दिया है। उन्होनें एमएलसी पद से भी त्यागपत्र दे दिया है। स्वामी प्रसाद ने पार्टी में हो रही लगातार उपेक्षा को इस्तीफे की वजह बताया है।
एक्स पर दी मौर्य ने जानकारी
सोशल मीडिया मौर्य ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होनें एक्स पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और विधान परिषद के सभापति के नाम संबोधित त्यागपत्र के अलग-अलग पन्नों को शेयर किया है। मौर्य ने सपा अध्यक्ष यादव को लिखे पत्र में कहा, आपके नेतृत्व में सौहार्दपूर्म वातावरण मे कार्य करने का मौका मिला किंतु 12 फरवरी को हुई वार्ता और 13 फरवरी को प्रेषित पत्र पर किसी भी प्रकार की वार्ता के लिए पहल नहीं करने के परिणामस्वरूप मैं समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहा हूं।
वहीं उन्होने विधान परिषद के सभापति को लिखे पत्र में कहा, मैं सपा के प्रत्याशी के रुप में विधानसभा, उप्र निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य, विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुआ। चूंकि मैंने सपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है, इसलिए नैतिकता के आधार पर विधान परिषद, उप्र की सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहा हूं।