Dehradun NewsBig News

दरोगा जी कमर में लगाए रहे पिस्टल, साथी को लग गई गोली, अब हुए सस्पेंड

राजधानी देहरादून के पुलिस वालों की हालत ऐसी हो गई है कि वो पकड़ने तो शातिर को जा रहें हैं लेकिन अपनी सरकारी पिस्टल भी नहीं निकाल पा रहें हैं। भागते शातिर पर गोली चलाने की बात तो छोड़ ही दीजिए।

मसूरी के होटल की CCTV से चला पता

दरअसल हाल ही में देहरादून के थानो में एक महिला घायल हालत में मिली थी। महिला के सिर में गोली लगी थी। उसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। मामले की तहकीकात हुई तो महिला के पति शुभम का नाम सामने आया। पुलिस को पता चला कि शुभम मसूरी के एक होटल में छिपा है। इस टिप पर पुलिस टीम होटल पर पहुंची और शुभम के कमरे में घुसी। पुलिस टीम में तीन दरोगा थे। मिथुन कुमार नाम के दरोगा ने आगे बढ़ते हुए कमरे में घुस कर शुभम को काबू करने की कोशिश की। शुभम ने पिस्टल उठी ली। बताते हैं कि जैसे ही मिथुन ने शुभम को पकड़ा उसी समय शुभम ने अपने पास मौजूद पिस्टल से फायर कर दिया। गोली दरोगा मिथुन के पेट में जाकर लगी। हैरत की बात ये कि उस समय मौजूद दो अन्य दरोगा न तो मिथुन को कवर कर पाए और न ही अपनी सरकारी पिस्टल निकाल पाए। मिथुन घायल होकर एक तरफ गिर पड़े और शुभम वहां मौजूद पुलिस वालों पर पिस्टल लहराते हुए भाग निकला। हैरानी ये कि शुभम जब भाग रहा था उस समय भी किसी दरोगा ने अपनी सरकारी पिस्टल से एक फायर तक नहीं किया। ऐसे में शुभम वहां से भाग निकला। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

कुठाल गेट पर हुआ इनकाउंटर

शुभम वहां से भाग निकला और दरोगा मिथुन घायल पड़े थे। उन्हे पेट में गोली लगी थी। खून बह रहा था। साथी दरोगा न तो शुभम को काबू कर पाए और न ही अपनी सरकारी पिस्टल से एक भी फायर कर पाए। आनन फानन में मिथुन को मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि शुभम के भागने की सूचना वायरलेस पर दी गई। वायरलेस पर मिली सूचना के बाद मसूरी से दून वाले रास्ते पर कुठाल गेट के पास पुलिस ने बैरिकेड के पास मोर्चा लगा लिया। इसी बीच मसूरी की तरफ से कार में आता हुआ शुभम दिखा। पुलिस टीम ने शुभम को वहां रोकने की कोशिश की। हालांकि शुभम का इरादा कुछ और था। शुभम ने कार से निकलकर पुलिस टीम पर फिर एक बार फायर कर दिया। शुभम की चलाई गोली पुलिस की जीप पर लगी। पुलिस टीम इस बार पहले से अधिक सतर्क थी। पुलिस ने शुभम को घेर लिया और क्रास फायर में शुभम घायल हो गया। पुलिस की गोली उसके पांव पर जाकर लगी। इसके बाद शुभम देहरादून पुलिस की गिरफ्त में आ पाया

किया ऐसा खुलासा, पुलिस भी रह गई हैरान

पकड़े जाने के बाद शुभम ने ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया कि पुलिस भी हैरान रह गई। दरअसल पुलिस तो शुभम को पत्नी पर जानलेवा हमले के आरोप के सिलसिले में तलाश कर रही थी। हालांकि शुभम के खुलासे के बाद पुलिस के होश उड़ने वाले थे।

पुलिस ने जब शुभम से दून अस्पताल के बेड पर ही पूछताछ शुरू की तो हैरतअंगेज बात पता चली। दरअसल शुभम पहले अपने पिता को मौत के घाट उतार चुका था। जायदाद के चक्कर में शुभम ने अपने पिता की हत्या कर दी और उसके बाद उनकी लाश को गायब कर दिया। पुलिस में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। ये बात पत्नी को पता चली तो शुभम ने पत्नी को रास्ते से हटाने का मन बना लिया। इसीलिेए पत्नी के सिर में गोली मार दी और उसे थानो में बड़ासी के पुल के नीचे फेंककर भाग गया।

SSP ने किया सस्पेंड

घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एसएसपी देहरादून का पारा चढ़ गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दरोगा मिथुन के साथ गए दरोगा कवर नहीं दे पाए। ऐसे में एसएसपी ने इसे लापरवाही माना और साथ गए दो दरोगा मयूर विहार चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह और बालावाला के चौकी प्रभारी सुनील नेगी को फिलहाल सस्पेंड कर दिया है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें