
भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा बुधवार को मसूरी पहुंची। यात्रा के मसूरी पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान लोगों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची मसूरी
भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के मसूरी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पिक्चर पैलेस स्थित पार्किंग पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला पहुंचे। उन्होंने भारत सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी।
यहां आयोजित मुफ़्त चिकित्सा शिविर में 51 लोगों की स्वास्थ्य सम्बन्धी जांच की गई। इसके साथ ही 18 महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जोड़ा गया। इसके अलावा बाल विकास परियोजना से 30 महिलाओं को कार्यक्रम में जोड़ा गया। पीएम स्वनिधि योजना और पीएम आवास योजना का लाभ पांच-पांच लोगों को दिया गया। इस दौरान महिलाओं को मुफ़्त गैस चूल्हे भी वितरित किए गए।
लोगों को सरकार की योजनाओं से कराया गया अवगत
विकसित भारत संकल्प यात्रा के मसूरी पहुंचने पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया। इसके साथ ही लाभार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत को लेकर कई योजनाएं बनाई गई है आज जिसका लाभ आम आदमी को मिल रहा है।
केंद्र और प्रदेश की योजनाएं पहुंचाई जा रही आम लोगों तक
राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की योजनाएं आम लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी ने कहा कि नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मसूरी में दो कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष राकेश रावत ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है और आने वाले समय में भारत विश्व में विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होगा।