National

नेत्रहीन मुस्लिम बुजुर्ग ने नहीं लगाया “जय श्री राम” का नारा तो युवकों ने कर दी पिटाई और काटी दाढ़ी

कर्नाटक के कोप्पल में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने एक दृष्टिहीन मुस्लिम शख्स की बुरी तरह पिटाई की। पिटाई करने की केवल यह वजह थी कि उसने जय श्री राम का नारा नहीं लगाया। कोप्पल जिले के गंगावती टाउन में 65 साल के एक नेत्रहीन और बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

बुजुर्ग ने अपनी शिकायत में कहा कि 25 नवंबर को जब वह बस स्टैंड के पास खड़े थे, तो बाइक पर दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए। घर तक ले जाने का झांसा देकर वो उसे लगभग 2 किलोमीटर दूर ले गए और उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। हमलावरों ने उसे गाली दी और जय श्रीराम का नारा लगाने के लिए मजबूर किया। बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा कि हमलावरों को उसने बताया कि वह देख नहीं सकता है, लेकिन इसके बाद भी युवक मारपीट करते रहे।

बोतल मारी, दाढ़ी काटी और जलाने की कोशिश की

बुजुर्ग ने कहा कि हमलावरों ने उसके सिर पर बोतल मारी, उसकी दाढ़ी काट दी और उसे जलाने की कोशिश भी की। जब आरोपी सफल नहीं हो पाए तो एक बड़ा पत्थर फेंककर मारने की कोशिश भी की। बुजुर्ग ने बताया कि जब वो मदद के लिए चिल्लाया तो एक चरवाहे का ध्यान उनकी तरफ गया जिसके बाद हमलावर घटनास्थल से भाग गए। यह घटना 25 नवंबर की बताई जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरु की जांच

बुजुर्ग ने अपना इलाज कराने के बाद अगले दिन पुलिस से संपर्क किया और आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। बुजुर्ग ने बताया कि वो लोगों से पैसे मांगकर अपना गुजरा करता है और अक्सर बस स्टैंड में आता है।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें