Dehradun NewsBig News

दून के दिल में डकैती, VIP सुरक्षा में सेंध, पुलिस को खुलेआम चुनौती

देहरादून में पुलिस की हाईफाई वीआईपी सुरक्षा में भी डकैतों ने दिनदहाड़े सेंध लगा दी। एक ओर राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शरीक हो रहीं थीं। पुलिस ने इस मौके पर पूरे देहरादून को छावनी में तब्दील करने का दावा किया था। वहीं दिनदहाड़े शहर के सबसे पॉश इलाके में डीजीपी दफ्तर से चंद कदमों की दूरी पर डकैती पड़ रही थी।

ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती

दरअसल गुरुवार को शहर के राजपुर रोड स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती पड़ गई। बताया जा रहा है कि तकरीबन साढ़े दस बजे के आसपास पांच लोगों ने ज्वेलरी शोरूम में घुसकर गनप्वाइंट पर करोड़ों रुपए की ज्वेलरी लूट ली। बताया जा रहा है कि ये पूरा कांड महज कुछ ही मिनटों में हो गया। माल समेटने के बाद लुटेरे घंटाघर की ओर फरार हो गए।

ग्राहक बताकर गन प्वाइंट पर लूट

मिली जानकारी के मुताबिक शोरूम के खुलने के बाद शोरूम के कर्मचारी लॉकर से ज्वेलरी निकाल कर डिस्पले में लगा ही रहे थे। इसी बीच चार युवक शोरूम में पहुंचे। उन्होंने खुद को ग्राहक जताया। उनका एक साथी नीचे ही खड़ा रहा। शोरूम में पहुंचे युवकों ने चेहरा छिपा रखा था। उन्होंने ज्वेलरी के बारे में पूछा। कर्मचारी उन्हे बता ही रहे थे कि इसी बीच उन्होंने गन प्वाइंट पर लूट शुरु कर दी।

10 करोड़ रुपए के आसपास की बताई जा रही लूट

बदमाशों ने जल्द ही माल समेटा और शोरूम से बाहर निकल आए और फरार हो गए। लूटी गई ज्वेलरी की कीमत का सही पता अभी नहीं चल पाया है। लेकिन अनुमान के मुताबिक दस करोड़ रुपए के आसपास की कीमत हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो ये देहरादून में हुई अब तक सबसे बड़ी डकैती होगी।

जांच में जुटी पुलिस

इस घटना का पता चलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरु की। शुरुआती जांच में पुलिस को क्या सुराग मिले इसका खुलासा ये रिपोर्ट लिखे जाने तक नहीं हो पाया है। उधर एसएसपी अजय सिंह ने इस संबंध में ऐलान किया कि इस चुनौती को स्वीकार किया जाएगा और जल्द ही लुटेरों को पकड़ा जाएगा। एसपी सिटी सरिता डोभाल के नेतृत्व में जांच की जा रही है।

पुलिस वीआईपी ड्यूटी में और लुटेरे अपनी ड्यूटी पर

देहरादून में राज्य स्थापना दिवस के मौके पर हुई ये बड़ी वारदात पुलिसिया इकबाल को खुली चुनौती है। आज शहर में देश की राष्ट्रपति मौजूद थीं। इसके साथ ही रात में गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंच रहें हैं। राज्य स्थापना दिवस पर कई बड़े कार्यक्रम होते हैं।

सवालों के घेरे में आई पुलिस की कार्यप्रणाली

ऐसे में पुलिस ने दावा किया था कि पूरे देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। इतनी सख्ती के बाद भी अगल देहरादून के दिल राजपुर रोड पर इतनी बड़ी वारदात हो जाए तो पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों में घेरे में आना लाजमी है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें