Big NewsUttarakhand

निधि खर्च करने में उत्तराखंड के सांसद फिसड्डी, कैसे हो विकास ?

प्रदेश के सांसदों के सांसद निधि को लेकर आरटीआई से बड़ा खुलासा हुआ है। प्रदेश के सांसदों की 74.12 प्रतिशत यानी 95.65 करोड़ की सांसद निधि खर्च होना अभी बाकी है। जबकि सासंदों का कार्यकाल खत्म होने में थोड़ा ही समय बाकी है।

कुछ ही महीनों में कार्यकाल समाप्त लेकिन नहीं खर्ची निधि

आरटीआई से उत्तराखंड के सांसदों की सासंद निधि को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्रदेश के सांसदों की 74.12 प्रतिशत कुल 95.65 करोड़ की सांसद निधि खर्च होना तो अभी बाकी है। इसमें लोकसभा सांसदों की 64.77 प्रतिशत 56.45 करोड़ की सांसद निधि खर्च होना अभी बाकी है। जबकि कार्यकाल खत्म होने में कुछ ही महीनों का समय बचा हुआ है।

आरटीआई में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट ने ग्राम विकास आयुक्त कार्यालय से सांसद निधि खर्च सम्बन्धी सूचना मांगी थी। जिसके उत्तर में उन्हें मिली जानकारी से ये खुलासा हुआ है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन को मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के वर्तमान पांच लोकसभा सांसदों को कुल 85 करोड़ की सांसद निधि मिलनी चाहिए। लेकिन पिछली सांसद निधि किश्त के खर्च सम्बन्धी प्रमाण, आडिट रिपोर्ट आदि प्राप्त न होने के कारण 45 करोड़ की सांसद निधि 12 अक्तूबर 23 तक जारी ही नहीं हुई है।

जबकि भारत सरकार से प्राप्त 40 करोड़ की सांसद निधि में 2.15 करोड़ का ब्याज जोड़कर कुल 42.15 करोड़ की सांसद निधि में से जुलाई 2023 तक 11.45 करोड़ की सांसद निधि खर्च नहीं हो सकी। जारी न हुई जोड़कर कुल 56.45 करोड़ की सांसद निधि जो कुल सांसद निधि का 64.77 प्रतिशत है जो कि खर्च होने को शेष है।

लोकसभा सांसदों को जारी हुई इतनी निधि

लोकसभा सांसद 17-17 करोड़ रूपये की सांसद निधि भारत सरकार से प्राप्त करने के पात्र हैं। लेकिन 12 अक्तूबर 23 हरिद्वार सांसद डाॅ0 रमेश पोखरियाल, नैनीताल सांसद अजय भट्ट तथा पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत को 7-7 करोड़ और अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा तथा टिहरी सांसद माला राज लक्ष्मी को 9.5-9.5 करोड़ की सांसद निधि मिली है।

निधि खर्च करने में उत्तराखंड के सासंद फिसड्डी

भारत सरकार से मिली सासंद निधि को हरिद्वार सांसद, पूर्व केन्द्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री डा0 रमेश पोखरियाल ने कुल जारी ब्याज सहित 17.38 करोड़ में से जुलाई 2023 के विवरणानुसार 4.83 करोड़ खर्च किए हैं। जिसमें से 72.21 प्रतिशत सांसद निधि खर्च होना अभी बाकी है।

नैनीताल सांसद तथा केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट की 17.29 करोड़ की सांसद निधि में 6.69 करोड़ खर्च किए हैं। जबकि 10.6 करोड़ खर्च होने अभी बाकी हैं। पौड़ी सांसद और पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत की कुल 17.33 करोड़ की सांसद निधि में से 3.7 करोड़ खर्च हुए हैं। जबकि 13.63 करोड़, 78.65 प्रतिशत सांसद निधि खर्च होना अभी बाकी है।

निधि खर्च करने मे सांसद डाॅ0 कल्पना सैनी सबसे पीछे

अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा की कुल 17.08 करोड़ की सांसद निधि में से 7.84 करोड़ खर्च होकर 9.24 करोड़ 54.10 प्रतिशत खर्च होनी अभी बची है। जबकि टिहरी सांसद माला राज लक्ष्मी की 18.07 करोड़ की सांसद निधि में से 7.64 करोड़ खर्च हुई है। 10.43 करोड़, 57.72 प्रतिशत सांसद निधि खर्च होनी बाकी है।

राज्य सभा सांसद डाॅ0 कल्पना सैनी की कुल 7.5 करोड़ सांसद निधि में 0.05 करोड़ ही खर्च हुई है। 7.45 करोड़, 99.33 प्रतिशत अभी खर्च होनी बाकी है। जबकि अनिल बलूनी की 22.4 करोड़ में से 1.95 करोड़ सांसद निधि खर्च होकर 20.45 करोड़, 91.29 प्रतिशत बची है। नरेश बंसल की 12 करोड़ में से 0.7 करोड़ खर्च होकर 11.3 करोड़, 94.17 प्रतिशत सांसद निधि खर्च होने के लिए बची है।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें