सरिया से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को मारी टक्कर, चालक के खिलाफ केस दर्ज

देहरादून के सहस्त्रधारा रोड पर सरिया से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े तीन स्कूटर समेत पांच वाहनों को टक्कर मार दी। किसी तरह लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया है।
ट्रक ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार सहस्रधारा पर सेठी पेट्रोल पंप के पास सरिया से लदा ट्रक खड़ा हुआ था। जैसे ही चालक ने ट्रक चालू किया तो वह अनियंत्रित होकर पास खड़े तीन स्कूटर और एक कार को चपेट में लेते हुए दूसरी साइड में खड़े ट्रक से जा टकराया। किसी तरह लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
मौके पर लगा जाम
हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। पुलिस ने तीन जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे किया और यातायात को सुचारू करवाया। गनीमत ये रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है।
चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जानकारी के अनुसार रायपुर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि ट्रक चालक अबरार निवासी बुलंदशहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया है।