Haridwar NewsBig News

प्लाईवुड फैक्ट्री में करंट लगने से कर्मचारी की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

रूड़की के भगवानपुर के औधोगिक क्षेत्र की एक फेक्ट्री में काम करते हुए एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद फेक्ट्री में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। युवक के परिजनों ने फैक्ट्री पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

फैक्ट्री में करंट लगने से कर्मचारी की मौत

घटना रविवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान लक्ष्मण उर्फ अजय (23 वर्ष) पुत्र मन्नू निवासी नारायणगढ़ जिला बलिया थाना रेवती बिहार के रूप में हुई है। लक्ष्मण भगवानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर में सुंदरम प्लाईवुड नाम की एक फैक्ट्री में कर्मचारी के पद पर तैनात था।

करंट दौड़ते ही कर्मचारियों में मची अफरातफरी

फैक्ट्री में प्लाई और प्लाई बोर्ड बनाने का काम किया जाता है। बताया जा रहा है सुबह लक्षमण फैक्ट्री में फेस रूला मशीन पर काम कर रहा था। इस दौरान मशीन में करंट दौड़ने लगा और लक्षमण करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होने के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों ने घटना की सूचना बिना पुलिस को दिए ही लक्षमण को रूड़की के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। लक्ष्मण की मां ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

लक्ष्मण की मां शुभावती ने फैक्ट्री प्रबंधक पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय से उनके बेटे को इलाज मिल जाता तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। शुभावती ने फैक्ट्री प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पूर्व में भी हो चुकी है कई कर्मचारियों की मौत

मृतक के सहकर्मियों ने भी फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए न हेलमेट की सुविधा है और न ही अन्य कोई सेफ्टी उपकरण। बता दें फैक्ट्री में इससे पहले भी करीब छह कर्मचारियों की मौत हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार भगवानपुर थानाध्यक्ष रमेश तनवार ने बताया कि अभी इस मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें