बकरी चराने गए बच्चों को मिले दो बम, गेंद समझकर खेलने लगे तभी हुआ ब्लास्ट, पांच घायल

बिहार के अररिया में बम फटने से पांच बच्चे घायल हो गए हैं। एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार बच्चों ने बम को गेंद समझकर उठाया और खेलने लगे, तभी बम ब्लास्ट हो गया।
घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के कालाबलुवा की है जहां आरडी नहर फाटक के पास बम फट गया जिसके बाद वहां बकरी चरा रहे पांच बच्चे घायल हो गए। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उजले रंग की एक गठरी में दो बम रखा हुआ था। बच्चों ने उसे गेंद समझ कर उठा लिया और खेलने लगे, इस दौरान एक बम फट गया बम फटने पांच बच्चे घायल हो गए। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए रानीगंज अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें एक बच्ची अख्तरी प्रवीण की हालत गम्भीर बताई जा रही है. बच्ची को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बम फटने से ये बच्चे हुए जख्मी
जानकारी के अनुसार बम फटने वाले बच्चों में अख्तरी प्रवीण के साथ चार और बच्चे घायल हुए हैं जिनमें
कालाबलुवा के 12 वर्षीय मोहम्मद अफजल, 16 वर्षीय सोनू कुमार, सात साल का साजिद नदाफ और 10 वर्षीय जुल्फ़राज है। इनका इलाज रानीगंज रेफ़रल अस्पताल में चल रहा है जबकि अख्तरी प्रवीण को बेहतर इलाज के लिए अररिया भेजा गया है।
दूसरे बम को किया डिफ्यूज
वहीं घटना की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया। बम निरोधक दस्ते के पहुंचने पर दूसरे बम को डिफ्यूज किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस ये भी अनुमान लगा रही है कि पिछले दिनों काला बलुआ में जो डकैती कांड हुआ था शायद उसमें शामिल अपराधियों ने विस्फोटक पदार्थो को छिपाकर रखा था।